कोटा में ‘राखी पॉप-अप 3.0’ का शुभारंभ, शिक्षा के लिए जुटेगा सहयोग

कलेक्टर पीयूष सांवरिया ने किया उद्घाटन, सरकारी स्कूलों में नए कक्षाकक्ष निर्माण के लिए होगी आय का उपयोग

कोटा।स्मार्ट हलचल|शिक्षा के क्षेत्र में सामाजिक सहभागिता को नई दिशा देते हुए कोटा राउंड टेबल-281 द्वारा आयोजित दो दिवसीय लाइफस्टाइल प्रदर्शनी ‘राखी पॉप-अप 3.0’ का शुभारंभ रविवार को जिला कलेक्टर पीयूष सांवरिया ने किया। उद्घाटन अवसर पर उन्होंने संस्था की ‘फ्रीडम थ्रू एजुकेशन’ मुहिम की सराहना करते हुए कहा कि समाज की सहभागिता से शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे ऐसे प्रयास प्रेरणादायी हैं और सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
कोटा राउंड टेबल-281 के चेयरमैन सारांश मित्तल ने बताया कि प्रदर्शनी से प्राप्त होने वाली समस्त निधि का उपयोग सरकारी विद्यालयों में नए कक्षाकक्षों के निर्माण के लिए किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संस्था वर्ष 2015 से अब तक कोटा के विभिन्न सरकारी विद्यालयों में 50 कक्षाकक्षों का निर्माण कर चुकी है, जिससे हजारों विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हुआ है। संस्था भविष्य में भी शिक्षा को सशक्त बनाने के लिए इसी प्रकार के सेवा कार्य निरंतर करती रहेगी।
दो दिवसीय प्रदर्शनी में देशभर के प्रतिष्ठित ब्रांड्स ने भाग लिया है। यहां राखियां, परिधान, होम डेकोर, लाइफस्टाइल उत्पाद, गिफ्ट आइटम और हस्तशिल्प सहित विभिन्न उत्पादों की आकर्षक श्रृंखला प्रदर्शित की गई है। आयोजन स्थानीय और बाहरी उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रचार-प्रसार एवं व्यवसाय विस्तार का प्रभावी मंच भी प्रदान कर रहा है। कार्यक्रम में राउंड टेबल-281 के पदाधिकारियों और सदस्यों के साथ शहर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।