गोपाललाल हिंदोनिया बने अध्यक्ष, माणकचंद कांसोटिया कोषाध्यक्ष और मगनीराम बारोलिया सचिव मनोनीत
शंभुगढ़, स्मार्ट हलचल। 70 गांव आम चौखला सुधार समिति की विशाल आमसभा रविवार को सगस जी महाराज सराय, जयनगर (शंभुगढ़) में आयोजित हुई। बैठक में आसींद में प्रस्तावित रेगर समाज के छात्रावास निर्माण के लिए सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अखिल भारतीय रेगर महासभा, भीलवाड़ा के जिलाध्यक्ष कैलाश देवतवाल ने की, जबकि जिला उपाध्यक्ष सोहनलाल भोजपुरिया विशिष्ट अतिथि रहे।
समिति अध्यक्ष नौरतमल डडवाड़िया ने बताया कि बराना चौराहा, आसींद के निकट रेगर महासभा के भूखंड पर समाज के विद्यार्थियों के लिए विशाल छात्रावास निर्माण का प्रस्ताव है। इसी उद्देश्य से आयोजित आमसभा में सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया।
सभा में गोपाललाल हिंदोनिया (आसींद) को अध्यक्ष, माणकचंद कांसोटिया (शंभुगढ़) को कोषाध्यक्ष तथा मगनीराम बारोलिया (बालापुरा) को सचिव मनोनीत किया गया।
भामाशाहों ने छात्रावास निर्माण के लिए बढ़ाया सहयोग का हाथ
कार्यक्रम के दौरान छात्रावास निर्माण के लिए समाज के भामाशाहों ने उदारतापूर्वक आर्थिक सहयोग की घोषणा की। नवमनोनीत कोषाध्यक्ष माणकचंद कांसोटिया ने 1 लाख रुपये, जबकि अध्यक्ष गोपाललाल हिंदोनिया ने 51 हजार रुपये देने की घोषणा की। विभिन्न भामाशाहों की घोषणाओं सहित कुल 6 लाख 50 हजार रुपये के सहयोग की घोषणा प्राप्त हुई।
कार्यक्रम का संचालन समिति अध्यक्ष नौरतमल डडवाड़िया ने किया। आयोजन को सफल बनाने में सचिव लादूराम नोगिया, कोषाध्यक्ष मूलचंद नोगिया तथा पूर्व अध्यक्ष रामलाल सुखरिया का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम में भोजन की व्यवस्था शंभुगढ़ निवासी समाजसेवी एवं भामाशाह रोशनलाल कांसोटिया द्वारा की गई।
