भीलवाड़ा में न्यायिक अधिकारियों का मंथन, साइबर अपराध और लैंगिक समानता पर हुआ विमर्श

राजस्थान हाईकोर्ट के न्यायाधीश फरजंद अली की अध्यक्षता में प्रथम त्रैमासिक न्यायिक कार्यशाला आयोजित

भीलवाड़ा | स्मार्ट हलचल|राजस्थान राज्य न्यायिक अकादमी, जोधपुर के निर्देशानुसार प्रथम त्रैमासिक न्यायिक कार्यशाला-2026 का आयोजन रविवार को होटल हरिविलास में हुआ। कार्यशाला की अध्यक्षता राजस्थान हाईकोर्ट के न्यायाधीश न्यायमूर्ति फरजंद अली ने की। इसमें भीलवाड़ा और बूंदी जिले के सभी न्यायिक अधिकारियों ने भाग लिया।
कार्यशाला में लैंगिक समानता सुनिश्चित करने में न्यायाधीशों की भूमिका, POSH Act-2013, न्यायिक कार्यवाही में जेंडर-न्यूट्रल भाषा के प्रयोग, दहेज संबंधी अपराधों तथा डिजिटल गिरफ्तारी, साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी की राशि की रिकवरी जैसे समसामयिक विधिक विषयों पर गहन चर्चा हुई। न्यायमूर्ति फरजंद अली ने नवीनतम न्यायिक निर्णयों का उल्लेख करते हुए अधिकारियों का मार्गदर्शन किया।
कार्यक्रम में जिला एवं सेशन न्यायाधीश अभय जैन, एमएसीटी बूंदी के न्यायाधीश पंकज नरूका सहित दोनों जिलों के न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे। अंत में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट देवांगनी ओडिच्य ने आभार व्यक्त किया।