(महेन्द्र नागौरी)
8 बेड की नई यूनिट बनी संजीवनी, जिला कलक्टर के निर्देश पर मातृ स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार
भीलवाड़ा |स्मार्ट हलचल|महात्मा गांधी चिकित्सालय में गंभीर स्थिति वाली गर्भवती महिलाओं के सुरक्षित उपचार के लिए 8 बेड की अत्याधुनिक हाई रिस्क प्रसूता स्पेशल केयर यूनिट शुरू कर दी गई है। जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देश पर शुरू की गई इस यूनिट में जटिल प्रसूताओं की 24 घंटे विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उपचार व्यवस्था रहेगी।
पीएमओ डॉ. अरुण गौड़ ने बताया कि अस्पताल में अब वरिष्ठ स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञों की 24 घंटे उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। साथ ही ऑपरेशन थिएटर की सुविधाओं का विस्तार कर प्रसूति सेवाओं को और अधिक सुरक्षित एवं प्रभावी बनाया गया है।
नई यूनिट में एनीमिया, हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, संक्रमण, बार-बार गर्भपात, पूर्व सिजेरियन, अत्यधिक रक्तस्राव, हृदय व किडनी रोग, थायराइड, आरएच नेगेटिव गर्भावस्था तथा अन्य जटिल मामलों की विशेष निगरानी और उपचार किया जाएगा। अस्पताल में सीबीसी, ब्लड शुगर, ईसीजी, लीवर- किडनी प्रोफाइल, टीएसएच, यूरिन एल्बुमिन सहित सभी आवश्यक जांचें 24 घंटे उपलब्ध रहेंगी।
चिकित्सा अधीक्षक एवं स्त्री एवं प्रसूति रोग विभागाध्यक्ष डॉ. मनीषा बहड़ ने आमजन से अपील की है कि हाई रिस्क गर्भावस्था की स्थिति में समय पर सरकारी अस्पताल पहुंचकर विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का लाभ लें।
