कोटा। स्मार्ट हलचल|मंडल रेल प्रबंधक श्री अनिल कालरा के मार्गदर्शन में कोटा मंडल द्वारा रेल राजस्व की सुरक्षा तथा अनियमित यात्राओं पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से विभिन्न स्टेशनों पर विशेष टिकट जांच अभियान निरंतर संचालित किए जा रहे हैं।वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री सौरभ जैन ने बताया कि भरतपुर स्टेशन पर ‘किलाबंदी’ टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व मुख्य वाणिज्य निरीक्षक श्री हरिराम महरोलिया ने किया। अभियान में श्री ओ.पी. मिश्रा, श्री बिरबल कपूर, श्री अरविंद कुमार श्रीवास्तव, श्री चन्दर पाल, श्री जितेन्दर शर्मा, श्री नरोत्तम सेन, श्री कप्तान सिंह, श्री दीपक श्रीवास्तव, श्री वीरेन्दर सिंह, श्री फूल मीणा एवं श्री राम विलास मीणा सहित कुल 11 टिकट चेकिंग स्टाफ तथा रेलवे सुरक्षा बल के 04 कर्मियों ने सहभागिता की। अभियान के दौरान स्टेशन से बाहर निकलने वाले मार्गों की घेराबंदी कर यात्रियों के टिकटों की सघन जांच की गई।
उन्होंने बताया कि इस विशेष ‘किलाबंदी’ टिकट जांच अभियान का उद्देश्य केवल बिना टिकट यात्रियों के विरुद्ध कार्रवाई करना ही नहीं था, बल्कि 20 जून 2026 से लागू जन विश्वास (संशोधन उपबंध) अधिनियम, 2026 के अंतर्गत रेलवे अधिनियम में किए गए संशोधित प्रावधानों के प्रति यात्रियों को जागरूक करना भी था। अभियान के दौरान यात्रियों को वैध टिकट लेकर यात्रा करने, रेलवे नियमों का पालन करने तथा संशोधित प्रावधानों की जानकारी भी दी गई।
अभियान के दौरान कुल 8 ट्रेनों के यात्रियों के टिकटों की जांच की गई। जांच में 92 यात्री बिना टिकट यात्रा करते हुए पाए गए, जिनसे ₹54,020/- बतौर किराया एवं जुर्माना वसूला गया।
उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे सदैव वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें। प्रतीक्षा सूची ई-टिकट एवं प्लेटफॉर्म टिकट पर यात्रा करना अनुमन्य नहीं है। यात्री रेलवे की अधिकृत टिकट बुकिंग प्रणाली अथवा यूटीएस मोबाइल ऐप के माध्यम से भी टिकट बुक कर सकते हैं।
