मुकेश खटीक
मंगरोप।अवैध बजरी परिवहन के खिलाफ मंगरोप थाना पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। थाना प्रभारी नेहा राव (आरपीएस प्रोबेशनर) के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बीते करीब 10 दिनों के भीतर अवैध बजरी पर कार्रवाई करते हुए एमएमडीआर एक्ट के तहत 9 ट्रैक्टर-ट्रॉली बजरी जब्त की हैं।इस लगातार कार्रवाई से क्षेत्र के बजरी कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।पुलिस थाना प्रभारी नेहा राव के अनुसार,अवैध खनन व परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए थाना क्षेत्र में विशेष निगरानी अभियान चलाया गया।अभियान के दौरान अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर अवैध बजरी परिवहन करते वाहनों को रोका गया और नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई की गई।जब्त वाहनों को थाने परिसर में खड़ा कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।थाना प्रभारी राव ने स्पष्ट किया कि अवैध बजरी कारोबार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।नियमों की अनदेखी कर खनन या परिवहन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।पुलिस की इस सक्रियता से आमजन में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है,वहीं अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों में डर का माहौल बना हुआ है।स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ सड़क सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अवैध खनन या परिवहन की सूचना तुरंत थाने को दें,ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
