वारंटियों पर खीरी पुलिस का शिकंजा: हत्या, आर्म्स एक्ट व संगीन मामलों के 7 फरार अभियुक्त गिरफ्तार

एसएसपी डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देश पर चली विशेष कार्रवाई, न्यायालय से वांछित अभियुक्तों को दबोचकर भेजा गया कोर्ट

लखीमपुर खीरी।स्मार्ट हलचल|जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना खीरी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए विभिन्न आपराधिक मुकदमों में न्यायालय से वांछित सात वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। हत्या, आर्म्स एक्ट, मारपीट, बलवा एवं अन्य गंभीर धाराओं में वांछित इन अभियुक्तों की गिरफ्तारी के बाद उन्हें विधिक कार्रवाई पूरी कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. ख्याति गर्ग के निर्देश पर अपराध नियंत्रण, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग तथा वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए जनपदभर में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) के निर्देशन, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सदर के निकट पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक थाना खीरी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने यह प्रभावी कार्रवाई की।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान कवडियन टोला निवासी जहीर, रहीस और तौकीर को बलवा, मारपीट और शांति भंग से जुड़े मुकदमे में न्यायालय द्वारा जारी वारंट के आधार पर गिरफ्तार किया। वहीं सीतापुर जनपद के हरगांव निवासी मनोज कुमार मौर्य तथा सफियापुर कादीपुर निवासी पृथ्वीपाल को आर्म्स एक्ट के मामलों में गिरफ्तार किया गया।

इसके अलावा थाना फूलबेहड़ क्षेत्र में दर्ज हत्या एवं साक्ष्य मिटाने (धारा 302 व 201 भादवि) के मुकदमे में न्यायालय से जारी ई-वारंट के आधार पर कादीपुर निवासी हबीब खान को गिरफ्तार किया गया। वहीं ओयल कस्बा निवासी बबलू को हत्या के प्रयास, बलवा, सरकारी कार्य में बाधा सहित कई गंभीर धाराओं में दर्ज मुकदमे के वारंट के आधार पर दबोचा गया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार सभी गिरफ्तार अभियुक्तों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद संबंधित न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और न्यायालय से फरार चल रहे वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए सघन कार्रवाई की जाएगी।

इस सफल अभियान में उपनिरीक्षक डिम्पल कुमार के साथ कांस्टेबल दिलीप कुमार, अजय कुमार पाण्डेय, लोकेश कुमार, आयुष कुमार, अजीत कुमार एवं डेविड कुमार की सराहनीय भूमिका रही।

पुलिस की इस कार्रवाई को अपराधियों के विरुद्ध सख्त संदेश माना जा रहा है। विभाग का कहना है कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और न्यायालय से वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान आगे भी पूरी गंभीरता के साथ जारी रहेगा।