मानसून ने पकड़ी रफ्तार: मूसलाधार बारिश से किसानों के चेहरे खिले, गर्मी से मिली राहत

सुनेल, 21 जुलाई ।
स्मार्ट हलचल|मानसून की लंबी प्रतीक्षा के बाद आखिरकार रविवार रात मौसम ने करवट ली। रात करीब 8:30 बजे सुनेल क्षेत्र में करीब आधे घंटे तक मूसलाधार बारिश हुई। इसके बाद सोमवार सुबह से भी रुक-रुककर कभी हल्की तो कभी तेज बारिश का दौर जारी रहा, जिससे पूरे क्षेत्र में मौसम सुहावना हो गया। लगातार बारिश से खेतों में नमी बढ़ने पर किसानों के चेहरे खिल उठे। लंबे समय से अच्छी बारिश का इंतजार कर रहे किसानों ने राहत की सांस ली। उनका कहना है कि यह बारिश खरीफ फसलों के लिए संजीवनी साबित होगी और बुवाई के साथ फसलों की बढ़वार में भी लाभ मिलेगा। बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे पिछले कई दिनों से पड़ रही उमस और गर्मी से लोगों को राहत मिली। ठंडी हवाओं और बादलों से मौसम खुशनुमा हो गया। वहीं, बारिश के कारण निचले इलाकों और सड़कों पर पानी भर गया तथा नालों में भी पानी की अच्छी आवक देखने को मिली। मौसम में आए इस बदलाव से किसानों के साथ-साथ आमजन के चेहरों पर भी खुशी साफ नजर आई। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में भी मानसून इसी तरह सक्रिय रहेगा और अच्छी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।