अनिल कुमार
ब्यावर।स्मार्ट हलचल|जिला पुलिस प्रशासन द्वारा अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत ब्यावर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिला स्पेशल टीम (DST) और थाना ब्यावरसिटी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए स्मैक का अवैध परिवहन और बिक्री कर रहे एक युवक को धर दबोचा। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से स्मैक पाउडर और बिक्री के 21,920 रुपये नकद जब्त किए हैं।
जिपर थैली से मिली स्मैक, मौके पर ही किया गिरफ्तार
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह (IPS) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनुकृति उज्जैनिया के मार्गदर्शन तथा वृताधिकारी राजेश कसाना के सुपरविजन में 20 जुलाई को यह कार्रवाई अंजाम दी गई।
थानाधिकारी आशुतोष पाण्डे (पुनि) की अगुवाई में पुलिस टीम ने सांसी बस्ती छावनी निवासी 32 वर्षीय लोकेश कुमार पुत्र विजय कुमार सांसी (मूल निवासी कंजर बस्ती, केकड़ी) को घेराबंदी कर पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद प्लास्टिक जिपरनुमा थैली से कुल 4.09 ग्राम मादक पदार्थ मिला, जिसमें स्मैक का शुद्ध वजन 3.64 ग्राम पाया गया।
बिक्री की नकदी बरामद, जांच जारी
पुलिस ने मौके पर ही स्मैक पाउडर के साथ-साथ नशे की बिक्री से अर्जित ₹21,920 की नकद राशि जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ नियमानुसार मामला दर्ज कर आगे का अनुसंधान शुरू कर दिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी यह स्मैक कहां से लाता था और किन-किन लोगों को सप्लाई करता था।
कार्रवाई करने वाली टीम:
इस सफल कार्रवाई में ब्यावरसिटी थानाधिकारी आशुतोष पाण्डे, DST प्रभारी राजदीपेन्द्रसिंह, सउनि रामजस, सउनि जितेन्द्रसिंह, हेड कांस्टेबल भवानीसिंह (677), कांस्टेबल सुरेन्द्र (1626), मनुपाल (2846) और अरूण (3107) की सराहनीय भूमिका रही।
