आरपीएफ कोटा की बड़ी कार्रवाई, रेलवे कोचों से कॉपर केबल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश

16.5 किलोग्राम चोरी का कॉपर बरामद, 3 आरोपी एवं चोरी का माल खरीदने वाला 1 रिसीवर गिरफ्तार

कोटा।स्मार्ट हलचल|रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट कोटा ने रेलवे संपत्ति की सुरक्षा के प्रति सतर्कता बरतते हुए रेलवे कोचों से अंडरफ्रेम कॉपर वायर काटकर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों तथा चोरी का माल खरीदने वाले एक रिसीवर को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही चोरी गया 16.5 किलोग्राम कॉपर पूर्ण रूप से बरामद कर लिया गया।वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त श्री पवन कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन तथा सहायक सुरक्षा आयुक्त प्रथम श्री जसवंत सलूजा के पर्यवेक्षण में निरीक्षक प्रभारी श्री चोप सिंह डावर के नेतृत्व में गठित आरपीएफ टीम ने 18 जुलाई 2026 को कोटा रेलवे स्टेशन स्थित ओल्ड पिट लाइन क्षेत्र में तीन संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़कर उनकी तलाशी ली। टीम में उप निरीक्षक कप्तान, उप निरीक्षक सुमित, सहायक उप निरीक्षक हरवंश बघेल, आरक्षक सीताराम, आरक्षक अनिल एवं आरक्षक मनोज शामिल थे।

तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 16 वर्ग मिमी की लगभग 15 मीटर तथा 6 वर्ग मिमी की लगभग 10 मीटर अंडरफ्रेम कॉपर वायरिंग केबल के अलावा एक कटर, एक चाकू एवं एक पेचकश बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने रेलवे कोचों से अंडरफ्रेम वायर काटकर चोरी करना स्वीकार किया। साथ ही यह भी बताया कि पूर्व में चोरी किए गए वायर को जलाकर उसमें से निकाला गया तांबा एक कबाड़ी को बेच दिया था।

आरोपियों से प्राप्त जानकारी के आधार पर आरपीएफ टीम ने रंगपुर रोड स्थित एक कबाड़ी की दुकान पर दबिश देकर रिसीवर आरोपी हर्ष वर्मा उर्फ बिट्टू को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से रेलवे के अंडरफ्रेम वायर को जलाकर निकाला गया लगभग 13 किलोग्राम तांबे का तार बरामद किया गया।

इस कार्रवाई में कुल 16.5 किलोग्राम चोरी का कॉपर (अनुमानित मूल्य 8,250 रुपये) बरामद किया गया है। आरपीएफ द्वारा रेलवे संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा ऐसे असामाजिक तत्वों के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक / जन सम्पर्क अधिकारी
पश्चिम मध्य रेलवे, कोटा मंडल