(पंकज पोरवाल)
भीलवाड़ा ।स्मार्ट हलचल|शहर के नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 24 एवं 27 की सीमा पर स्थित मुख्य सड़क मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। नगर अध्यक्ष भूपेन्द्र गोरण के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों ने नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर सड़क की तत्काल मरम्मत अथवा नए निर्माण की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि अम्बेडकर सर्किल से अरिहंत हॉस्पिटल होते हुए एफसीआई रोड जाने वाला मुख्य मार्ग लंबे समय से क्षतिग्रस्त है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बन चुके हैं, जिससे प्रतिदिन आवागमन करने वाले वाहन चालकों, पैदल राहगीरों और स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नगर अध्यक्ष गोरण ने कहा कि बरसात के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क की वास्तविक स्थिति दिखाई नहीं देती, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है। उन्होंने बताया कि यह सड़क वार्ड 24 और 27 की सीमा पर होने के कारण उपेक्षा का शिकार है और अब तक किसी भी वार्ड पार्षद द्वारा इसके निर्माण या मरम्मत की दिशा में ठोस पहल नहीं की गई। क्षेत्रवासियों ने आयुक्त से मांग की कि जनहित को देखते हुए सड़क का शीघ्र निरीक्षण कराया जाए तथा आवश्यक बजट स्वीकृत कर नई सड़क का निर्माण या तत्काल मरम्मत कार्य कराया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके और संभावित दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला उपाध्यक्ष लक्ष्मण लोट, रोहित डगला, चंदन गवारिया, मानसिंह आर्य, साहिल टांक, अविनाश गोरण, करण आदिवाल, अमित कण्डारा सहित वार्ड 24 एवं 27, अम्बेडकर सर्किल और एफसीआई रोड क्षेत्र के बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
