अनिल कुमार
ब्यावर।स्मार्ट हलचल|जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह-2026 को गरिमामय, अनुशासित और भव्य रूप से आयोजित करने के उद्देश्य से बुधवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला कलक्टर कमल राम मीना ने विभिन्न विभागीय अधिकारियों को समारोह से जुड़ी तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमारे राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इस राष्ट्रीय पर्व में आमजन की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित की जाए और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। उन्होंने विशेष रूप से यह सुनिश्चित करने को कहा कि विद्यार्थियों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां और वेशभूषा राष्ट्रीय पर्व की गरिमा के अनुरूप हों।
व्यवस्थाओं और सुरक्षा पर दिए गए प्रमुख निर्देश:
स्थल एवं शहर की सजावट: परेड ग्राउंड की साफ-सफाई, मंच निर्माण, बैठक व्यवस्था, साउंड और सजावट का काम समय पर पूरा किया जाए। शहर के मुख्य चौराहों और सरकारी कार्यालयों में आकर्षक रोशनी की व्यवस्था की जाए।
सुरक्षा एवं यातायात: पुलिस विभाग को समारोह स्थल पर चाक-चौबंद सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, बैंड व्यवस्था और आवश्यक पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए।
नागरिक सुविधाएं: आयोजन स्थल पर पेयजल, मेडिकल टीम, मोबाइल शौचालय, अग्निशमन गाड़ियाँ और निर्बाध विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद:
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर ब्रह्मलाल जाट, उपखंड अधिकारी दिव्यांशु सिंह, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी धन दान देथा सहित पुलिस और विभिन्न प्रशासनिक विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
