अवैध बजरी परिवहन पर ब्यावर पुलिस का शिकंजा: 25 टन बजरी से भरा डंपर जब्त, बीएनएस व एमएमडीआर एक्ट में मामला दर्ज
अनिल कुमार
ब्यावर/जैतारण।स्मार्ट हलचल|जिले में अवैध खनन और परिवहन पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रास थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने तड़के कार्रवाई करते हुए 25 टन अवैध बजरी से भरे एक डंपर को जब्त कर चालक को हिरासत में लिया है।
तड़के 4:30 बजे पुलिस की नाकेबंदी में फंसा डंपर
जिला पुलिस अधीक्षक रतनसिंह (IPS), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया एवं वृत्त अधिकारी (जैतारण) रमेन्द्रसिंह हाडा के सुपरविजन में रास थानाधिकारी (निरीक्षक) श्रीमती मंजू मुलेवा की अगुवाई में पुलिस टीम गश्त पर थी।
मंगलवार प्रातः लगभग 04:30 बजे श्रीसीमेंट कॉलोनी, बगतपुरा के पास पुलिस को बजरी परिवहन करता हुआ एक संदिग्ध डंपर (RJ36 GB 0896) आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने डंपर को रुकवाकर चालक फूलसिंह (28) पुत्र सुखदेवसिंह रावत, निवासी बड़ाखेड़ा सुमेल से बजरी परिवहन का वैध रवन्ना (परमिट) एवं वाहन के दस्तावेज मांगे।
रसीद मांगने पर उड़ गए तोते, वाहन एमवी एक्ट में डिटेन
चालक द्वारा कोई भी वैध दस्तावेज या रवन्ना पेश नहीं किए जाने पर पुलिस ने धारा 207 एमवी एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए डंपर को जब्त कर सुरक्षित थाना परिसर में खड़ा करवा दिया। डंपर में कुल 25 टन अवैध बजरी भरी हुई थी।
खनन विभाग ने दर्ज कराया मुकदमा
घटना के संबंध में खनन विभाग को तुरंत सूचित किया गया। सूचना पर पहुंचे खान एवं भू-विज्ञान कार्यालय जैतारण के खनिज कार्यदेशक द्वितीय नरेंद्र लांबा की रिपोर्ट के आधार पर रास थाना में मुकदमा संख्या 143/2026 दर्ज किया गया। यह मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 303(2) और 4(1)(ए)/21 एमएमडीआर एक्ट के तहत दर्ज कर आगे का अनुसंधान शुरू कर दिया गया है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
इस सफल कार्रवाई में थानाधिकारी मंजू मुलेवा के नेतृत्व में सहायक उप-निरीक्षक (ASI) राकेश, कांस्टेबल हरीश (379), कांस्टेबल सुशील (519), कांस्टेबल संजय (513) एवं कांस्टेबल मैनाराम (590) की विशेष भूमिका रही।
