रिपोर्टर सुरज वर्मा
स्मार्ट हलचल|फुलिया कलां उपखंड में अवैध बजरी खनन एवं परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फुलियाकलां थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बजरी से भरे एक डम्पर को जब्त कर उसके चालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामले में एमएमडीआर एक्ट एवं भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही डम्पर मालिक और बजरी भरने वालों की तलाश जारी है।जिला पुलिस अधीक्षक सागर राणा के निर्देशानुसार तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शाहपुरा अंजुम कायम एवं वृत्ताधिकारी शाहपुरा ओमप्रकाश विश्नोई के सुपरविजन में थाना प्रभारी दिनेश कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने बुधवार को अवैध खनन एवं परिवहन रोकथाम के लिए क्षेत्र में विशेष गश्त की।गश्त के दौरान बासेड़ा से पहले पुलिया के पास एक बिना नंबर का टाटा डम्पर संदिग्ध अवस्था में आता दिखाई दिया। पुलिस ने वाहन को रुकवाकर जांच की तो उसमें करीब 35 टन बजरी भरी हुई मिली। चालक से बजरी परिवहन संबंधी रवन्ना (टी.पी.) मांगा गया, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।पूछताछ में चालक ने अपना नाम हनुमान गुर्जर (26) निवासी भीमडावास, थाना केकड़ी सदर, जिला अजमेर बताया। वहीं डम्पर का मालिक भंवरलाल चाड़ा निवासी रणगारी, थाना फुलियाकलां होना सामने आया। पुलिस के अनुसार बिना वैध अनुमति के बजरी का परिवहन कर राज्य सरकार को राजस्व हानि पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा था।पुलिस ने चालक हनुमान गुर्जर को गिरफ्तार कर बजरी से भरे डम्पर को जब्त कर लिया है। मामले में एमएमडीआर एक्ट 1957 की धारा 4/21 तथा बीएनएस 2023 की धारा 303(2) एवं 112(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है। पुलिस डम्पर मालिक एवं अवैध रूप से बजरी भरने वाले अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम में थाना प्रभारी दिनेश कुमार, उपनिरीक्षक कैलाशचंद्र, कांस्टेबल विक्रम तथा भवानी प्रताप की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
