पीजी अंतिम वर्ष के विद्यार्थी भी होंगे पात्र, 31 जुलाई तक भरें SET-2026 आवेदन
27 जुलाई से 2 अगस्त तक आवेदन में संशोधन का मिलेगा अवसर, परीक्षा शहर, विषय और व्यक्तिगत जानकारी में कर सकेंगे बदलाव
कोटा।स्मार्ट हलचल|राजस्थान राज्य पात्रता परीक्षा (SET-2026) की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) एवं कोटा विश्वविद्यालय ने बड़ी राहत प्रदान की है। अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 जुलाई 2026 कर दी गई है। साथ ही, आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद 27 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक करेक्शन विंडो खोली जाएगी, जिसके माध्यम से अभ्यर्थी निर्धारित नियमों के अनुसार व्यक्तिगत जानकारी, परीक्षा शहर (Exam City), विषय (Subject) सहित अन्य विवरणों में संशोधन कर सकेंगे। इस निर्णय से उन हजारों अभ्यर्थियों को लाभ मिलेगा जो किसी कारणवश निर्धारित समय में आवेदन नहीं कर पाए थे अथवा आवेदन पत्र में त्रुटि रह गई थी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसे आवेदन का अंतिम अवसर बताते हुए अभ्यर्थियों से समय रहते आवेदन पूर्ण करने की अपील की है।
समय पर आवेदन की अपील
कुलगुरु प्रो. बी.पी. सारस्वत ने कहा कि SET-2026 प्रदेश के युवाओं के लिए केवल सहायक प्रोफेसर बनने की पात्रता परीक्षा नहीं, बल्कि उच्च शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में करियर निर्माण का महत्वपूर्ण अवसर है। अभ्यर्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 तक बढ़ाई गई है, ताकि कोई भी पात्र अभ्यर्थी आवेदन से वंचित न रहे।प्रो. सारस्वत ने कहा कि यूजीसी द्वारा पीजी अंतिम वर्ष एवं परिणाम की प्रतीक्षा कर रहे विद्यार्थियों को भी आवेदन की पात्रता प्रदान करना तथा प्रमाण-पत्र की वैधता संबंधी नियमों को स्पष्ट करना विद्यार्थियों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय है। इससे अधिक से अधिक योग्य अभ्यर्थियों को अवसर मिलेगा और किसी का शैक्षणिक भविष्य प्रभावित नहीं होगा।उन्होंने अभ्यर्थियों से अपील की कि अंतिम दिनों में तकनीकी व्यस्तता अथवा सर्वर पर बढ़ते लोड से बचने के लिए 31 जुलाई से पहले ही आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करें तथा आवेदन संख्या (Application Number) प्राप्त होने के बाद ही आवेदन को अंतिम रूप से सफल मानें। साथ ही, यदि किसी प्रकार का संशोधन आवश्यक हो तो उसे निर्धारित अवधि में ही पूरा कर लें, क्योंकि इसके बाद किसी प्रकार का परिवर्तन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
पीजी द्वितीय सेमेस्टर के विद्यार्थी भी होंगे पात्र
कॉर्डिनेटर घनश्याम शर्मा ने बताया कि यूजीसी के दिशा-निर्देशों के अनुसार मास्टर डिग्री के द्वितीय सेमेस्टर में अध्ययनरत अथवा परिणाम की प्रतीक्षा कर रहे अभ्यर्थी भी SET-2026 के लिए आवेदन कर सकते हैं। हालांकि ऐसे अभ्यर्थियों को परीक्षा परिणाम घोषित होने की तिथि से दो वर्ष के भीतर अपनी स्नातकोत्तर डिग्री निर्धारित अंकों के साथ पूर्ण करनी होगी।
यूजीसी के प्रावधानों के अनुसार सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 55 प्रतिशत तथा आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 50 प्रतिशत अंक अनिवार्य होंगे। निर्धारित अवधि में पात्रता पूरी नहीं करने वाले अभ्यर्थियों का SET प्रमाण-पत्र स्वतः अमान्य माना जाएगा।
प्रमाण-पत्र की वैधता को लेकर भी स्पष्ट किए नियम
यूजीसी ने स्पष्ट किया है कि SET में सफल होने वाले ऐसे अभ्यर्थी, जिन्होंने आवेदन के समय पीजी पूरी नहीं की है, उन्हें परिणाम घोषित होने के दो वर्ष के भीतर निर्धारित योग्यता प्राप्त करनी होगी। समयसीमा के भीतर शैक्षणिक पात्रता पूरी करने पर ही उनका SET प्रमाण-पत्र वैध रहेगा।
2025-26 सत्र के विद्यार्थी भी कर सकेंगे आवेदन
सत्र 2025-26 में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम में अध्ययनरत तथा द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा दे चुके अथवा देने वाले विद्यार्थी भी SET-2026 के लिए आवेदन करने के पात्र होंगे। उन्हें भी परिणाम घोषित होने के दो वर्ष के भीतर अपनी पीजी डिग्री पूर्ण करनी होगी।
केवल एक बार मिलेगा करेक्शन का मौका
कॉर्डिनेटर घनश्याम शर्मा ने बताया कि विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थियों को केवल एक बार आवेदन में संशोधन करने की अनुमति होगी। संशोधन पूर्ण होने और आवेदन पुनः सबमिट करने के बाद आवेदन पत्र फ्रीज (Freeze) हो जाएगा तथा दोबारा कोई बदलाव संभव नहीं होगा।अभ्यर्थी अपने परीक्षा शहर (Examination City) में भी परिवर्तन कर सकेंगे।अभ्यर्थी का नाम, पिता का नाम अथवा माता का नाम—इनमें से केवल किसी एक विवरण में ही संशोधन कर सकेंगे।
करेक्शन विंडो के दौरान जन्म तिथि, लिंग, श्रेणी (Category), उपश्रेणी (PwBD), SET विषय तथा पीजी विषय में भी निर्धारित नियमों के अनुसार संशोधन किया जा सकेगा। यदि PwBD का सत्यापन यूडीआईडी (UDID) पोर्टल से नहीं हुआ है तो संबंधित अभ्यर्थी इसमें भी आवश्यक संशोधन कर सकेंगे।विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि सेट विषय में परिवर्तन का विकल्प 2 अगस्त 2026 तक उपलब्ध रहेगा।
13 सितंबर को होगी परीक्षा
राजस्थान सरकार के उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार इस वर्ष राजस्थान राज्य पात्रता परीक्षा (SET-2026) के आयोजन की जिम्मेदारी कोटा विश्वविद्यालय को सौंपी गई है। कुलगुरु प्रो. बी.पी. सारस्वत के मार्गदर्शन में परीक्षा की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। सीटीईटी परीक्षा को ध्यान में रखते हुए SET-2026 अब पूर्व निर्धारित 6 सितंबर के स्थान पर 13 सितंबर 2026 को आयोजित की जाएगी।
पहली बार 37 विषयों में होगी परीक्षा
कुलगुरु प्रो. बी.पी. सारस्वत ने बताया कि इस वर्ष जनसंचार एवं पत्रकारिता तथा संस्कृत (पारंपरिक) विषय पहली बार शामिल किए गए हैं। इसके साथ ही SET-2026 अब 37 विषयों में आयोजित होगी।
ऑनलाइन होगी आवेदन प्रक्रिया
परीक्षा के लिए आवेदन पूरी तरह ऑनलाइन होंगे। अभ्यर्थी कोटा विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट एवं एसएसओ पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन शुल्क में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। सामान्य एवं ओबीसी (क्रीमीलेयर) वर्ग के लिए 1500 रुपये, ओबीसी (नॉन-क्रीमीलेयर) एवं ईडब्ल्यूएस के लिए 1200 रुपये, जबकि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं दिव्यांग वर्ग के लिए 750 रुपये निर्धारित हैं।
ओएमआर आधारित होगी परीक्षा
SET-2026 यूजीसी-नेट के नवीनतम मानकों के अनुरूप ऑफलाइन (ओएमआर आधारित) आयोजित होगी। परीक्षा में दो प्रश्नपत्र होंगे, जिनमें कुल 150 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रथम प्रश्नपत्र में 50 तथा द्वितीय प्रश्नपत्र में 100 प्रश्न होंगे। कुल 300 अंकों की परीक्षा के लिए तीन घंटे का समय निर्धारित है। प्रत्येक सही उत्तर पर दो अंक दिए जाएंगे तथा नकारात्मक अंकन (Negative Marking) नहीं होगा।
