कोटड़ा (जवाजा) की घटना; 22 वर्षीय मजदूरी करने वाले जयसिंह ब्यावर से अजमेर रेफर, 6 आरोपियों की तलाश जारी
अनिल कुमार
ब्यावर।स्मार्ट हलचल|जवाजा क्षेत्र के कोटड़ा गांव में मंगलवार रात पुरानी रंजिश के चलते बाइक सवार बदमाशों द्वारा की गई अंधाधुंध फायरिंग से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। बदमाशों ने रंजिश के चलते 5 राउंड फायर किए, लेकिन अंधेरा होने के कारण निशाना बनाए गए युवक तो बच निकले, जबकि घर से किराना दुकान सामान लेने निकला एक निर्दोष युवक गोली की चपेट में आ गया। गोली पेट में धंसने से युवक लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ा। ब्यावर के राजकीय अमृतकौर अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए अजमेर रेफर किया गया है।
खाना खाकर दुकान गया था पीड़ित, चीख सुनकर दौड़े ग्रामीण
पुलिस के अनुसार कोटड़ा निवासी जयसिंह उर्फ जग्गू (22) पुत्र रोडसिंह मजदूरी कर परिवार का लालन-पालन करता है। मंगलवार रात करीब 9 बजे वह खाना खाने के बाद गांव की मुख्य रोड पर स्थित किराना दुकान से सामान लेने गया था। इसी दौरान बाइक पर आए हमलावरों ने गांव के ही विक्रम सिंह को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
अंधेरा होने की वजह से विक्रम सिंह तो बच निकला, लेकिन पास से गुजर रहा जग्गू पेट में गोली लगते ही दर्द से चीख पड़ा और लहूलुहान होकर गिर गया। गोली की आवाज और चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग व ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।
अमृतकौर अस्पताल से अजमेर रेफर, स्थिति चिंताजनक
घटना के तुरंत बाद ग्रामीण घायल जग्गू को ब्यावर के राजकीय अमृतकौर अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन गोली पेट में गहराई तक फंसी होने और अत्यधिक खून बहने के कारण उसकी हालत गंभीर बनी हुई थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तत्काल अजमेर के जेएलएन अस्पताल (JLN Hospital) के लिए रेफर कर दिया।
पुरानी रंजिश में हमला, 6 नामजद आरोपियों पर कसता शिकंजा
सूचना मिलते ही जवाजा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस की प्राथमिक तफ्तीश में सामने आया कि यह हमला पुरानी आपसी रंजिश के चलते किया गया था।
पुलिस के अनुसार वारदात में रजनीश, राहुल, सुनील, सेठी, वीरा और एक अन्य आरोपी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश देना शुरू कर दिया है।
