पूनम सोमानी की पुण्यतिथि पर 1100 पौधों का रोपण:वन महोत्सव में एक मंच पर आए दोनों दलों के कार्यकर्ता,21 हजार पौधे लगाने का लिया संकल्प

मंगरोप@मुकेश खटीक।पूनम सोमानी की पुण्यतिथि एवं वन महोत्सव के उपलक्ष्य में गुरुवार शाम कस्बे के गढ़ पाछला बालाजी परिसर में सघन वृक्षारोपण अभियान चलाया गया।पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से आयोजित इस अभियान में नीम, पीपल, बरगद सहित करीब 1100 पौधों का रोपण किया गया।आयोजन से जुड़े राघव सोमानी ने बताया कि अभियान केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आगामी दिनों में भी निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि गांव के विभिन्न धार्मिक स्थलों पर करीब 21 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ धार्मिक स्थलों को भी हरित स्वरूप दिया जा सके।कार्यक्रम की सबसे खास बात यह रही कि पहली बार दलगत राजनीति से ऊपर उठकर दोनों राष्ट्रीय दलों के कार्यकर्ता एक मंच पर आए और सामूहिक रूप से पौधारोपण कर सामाजिक एकता व पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।वृक्षारोपण अभियान में अनिल सोलंकी, भंवरलाल कीर, प्रद्युम्न सिंह पुरावत, छोटू गाडरी, गोपाल दमामी, एडीओ जगजीतेन्द्र सिंह, दिनेश काबरा, राजेश वैष्णव, लेहरूलाल, दिनेश कीर, पर्यावरण प्रभारी संगीता नागौरी, इको पार्क वनपाल हरिशंकर विश्नोई सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं प्रबुद्ध नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।आयोजकों ने सभी से पौधारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण का भी संकल्प लेने की अपील की,ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ,हरित और संतुलित पर्यावरण मिल सके।