(महेन्द्र नागौरी)
भीलवाड़ा|स्मार्ट हलचल|श्री बाबा धाम में अध्यक्ष विनीत अग्रवाल के सानिध्य में रविवार को भव्य फागोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। मंदिर परिसर में केवल फूलों से होली खेली गई, जबकि गुलाल व रंगों का पूर्णतः निषेध रखा गया। सैकड़ों भक्तजन गुलाब की पंखुड़ियों के साथ भजनों की मधुर स्वर लहरियों पर झूमते नजर आए।
मंदिर के भजन गायक मंडल के साथ बाहर से आए गायक दिनेश काबरा एवं सविता काबरा ने अपनी टीम के साथ “रंग मत डाल रे सांवरिया…”, “फाग खेलने आए श्याम…”, “जीणी-जीणी उड़े रे गुलाल…” जैसे भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति दी। भजनों के बीच श्रद्धालु फूलों की होली खेलते हुए भक्ति रस में सराबोर हो गए।
फागोत्सव में राधा-कृष्ण की आकर्षक झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। मंदिर प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं के लिए गुलाब के फूल व पत्तियों की निःशुल्क व्यवस्था की गई। पूरे परिसर में भक्ति, उल्लास और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला।
आज होगा होलिका दहन
मंदिर परिसर में सोमवार 2 मार्च 2026 को सायं 8 बजे विधि-विधान और मंत्रोच्चारण के साथ होलिका दहन किया जाएगा। गोबर के कंडों से विशेष होली तैयार की गई है। होलिका दहन में आने वाले श्रद्धालुओं को पीली सरसों, गुग्गुल, कपूर व लौंग निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। मान्यता है कि विधि-विधान से होलिका दहन में आहुति देने से रोग, नजर दोष व बाधाएं दूर होती हैं। मंदिर प्रशासन ने अधिकाधिक धर्मप्रेमियों से पधारकर पुण्य लाभ लेने की अपील की ।
