बूंदी, 24 जुलाई। स्मार्ट हलचल|जिला कलक्टर हरफूल सिंह यादव ने मेरा युवा भारत (माय भारत), युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” अभियान के तहत आयोजित होने वाली जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के पोस्टर का विमोचन किया।इस दौरान जिला कलक्टर यादव ने कहा कि अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर उनकी ऊर्जा को सकारात्मक दिशा प्रदान करना तथा विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने जिले के युवाओं से माय भारत पोर्टल पर अधिकाधिक पंजीकरण कर प्रतियोगिताओं में भाग लेने का आह्वान किया।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर एच.डी. सिंह, योग प्रशिक्षक भूपेन्द्र योगी, रामेष्ट युवा मंडल संस्थान के अध्यक्ष शिखर पंचोली, सचिव रोहन गुर्जर, राष्ट्रीय युवा कार्यक्रम सहभागी गोविंद प्रजापत सहित अन्य स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
माय भारत से जुड़े भूपेन्द्र योगी ने प्रतियोगिता की रूपरेखा एवं पंजीकरण प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि अभियान के अंतर्गत चित्रकला, कविता, नारा लेखन, वाद-विवाद, नुक्कड़ नाटक, समूह लोकगीत, समूह नृत्य तथा लघु फिल्म/रील निर्माण सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, जिनके माध्यम से युवाओं को जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
रामेष्ट युवा मंडल अध्यक्ष शिखर पंचोली ने बताया कि 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा इन प्रतियोगिताओं में भाग ले सकते हैं। वहीं गोविंद प्रजापत एवं रोहन गुर्जर ने अधिकाधिक युवाओं से पंजीकरण कर इस जनजागरूकता अभियान से जुड़ने तथा नशामुक्त भारत–विकसित भारत के संकल्प को सशक्त बनाने की अपील की।
