केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग, राष्ट्रपति के नाम प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
लखीमपुर खीरी। स्मार्ट हलचल|विभिन्न मांगों को लेकर शुक्रवार को बड़ी संख्या में छात्र सड़कों पर उतर आए। छात्रों ने जुलूस निकालते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया और अपनी मांगों के समर्थन में प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी मांग उठाई।
प्रदर्शन में शामिल छात्र-छात्राओं का कहना था कि शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर लंबे समय से आवाज उठाई जा रही है, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने सरकार से छात्रों के हितों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कदम उठाने की मांग की।
कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन के दौरान पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था के बीच छात्रों ने शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखी और राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा।
प्रदर्शन को लेकर जिले के राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी चर्चा रही। छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो आगे आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।
