मंगरोप। कस्बे के कल्याणपुरा रोड पर चम्बल विभाग द्वारा पेयजल आपूर्ति को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से करीब 2 लाख लीटर पानी की क्षमता वाली ऊंची जल टंकी का निर्माण कार्य किया जा रहा है।यह टंकी लगभग 22 मीटर ऊंची बनाई जा रही है,जिससे आसपास के क्षेत्र में पर्याप्त दबाव के साथ पानी की आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी।जल टंकी का निर्माण कार्य 8 नवम्बर से प्रारंभ किया गया था।विभाग द्वारा इसकी मजबूती और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है,ताकि यह टंकी लंबे समय तक सुरक्षित एवं टिकाऊ बनी रहे।निर्माण स्थल पर वर्तमान में 2 कुशल कारीगरों सहित कुल 7 मजदूर कार्यरत हैं,जो निर्धारित मानकों के अनुसार कार्य को अंजाम दे रहे हैं।चम्बल विभाग के अनुसार,यह जल टंकी आगामी अप्रैल माह तक पूरी तरह बनकर तैयार हो जाएगी।इसके पूर्ण होने के बाद मंगरोप कस्बे एवं आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से चली आ रही पानी की किल्लत से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।स्थानीय लोगों ने भी इस योजना को लेकर संतोष व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा बताया है।

