प्रेम प्रसंग की रंजिश में चप्पल रिपेयर की दुकान पर हमला, महिला गंभीर घायल; सोने के कुंडल छीनने का भी आरोप
रिपोर्टर सुरज वर्मा
स्मार्ट हलचल|शाहपुरा कस्बे के नया बाजार क्षेत्र में प्रेम प्रसंग से उपजी कथित रंजिश के चलते चप्पल रिपेयर की दुकान पर हमला, मारपीट, तोड़फोड़ और लूट का मामला सामने आया है। पीड़ित की रिपोर्ट पर शाहपुरा थाना पुलिस ने भाजपा नगर मंडल शाहपुरा के पूर्व महामंत्री महावीर माली सहित चार नामजद आरोपियों और अन्य लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस में दर्ज एफआईआर के अनुसार नया बाजार निवासी प्रेमशंकर पुत्र दुर्गालाल सोनी ने शिकायत में बताया कि 22 जुलाई को दोपहर करीब 3 बजे महावीर माली, शंकर माली, विक्रम माली और अजय माली अपने अन्य साथियों के साथ लकड़ी के डंडे लेकर उसकी चप्पल रिपेयर की दुकान पर पहुंचे। आरोप है कि आरोपियों ने आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और दुकान में रखे सामान के साथ तोड़फोड़ की।
शिकायत के अनुसार जब उसने विरोध किया तो आरोपियों ने उसकी पत्नी श्यामा देवी तथा दुकान पर कार्य कर रहे पुत्र श्रीराम के साथ मारपीट कर दी। हमले में श्यामा देवी के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जिन्हें उपचार के लिए राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं श्रीराम के कानों से सोने के कुंडल खींचकर छीन लेने का भी आरोप लगाया गया है।
एफआईआर में घटना के पीछे प्रेम प्रसंग से जुड़ी रंजिश का भी उल्लेख किया गया है। शिकायतकर्ता के अनुसार 20 जुलाई को उसके छोटे भाई के पुत्र आयुष सोनी और पड़ोसी की पुत्री अंजली माली के घर से लापता होने के बाद दोनों परिवारों के बीच विवाद की स्थिति बनी हुई थी। पीड़ित का आरोप है कि इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से दुकान पर हमला किया।
शाहपुरा थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 115(2), 126(2), 333 एवं 324(4) के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना हेड कांस्टेबल राजवीर सिंह को सौंपी गई है।
पुलिस का कहना है कि प्रकरण की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
