जनविरोधी नीतियों के खिलाफ सिमलिया में कांग्रेस का हल्ला बोल, विद्युत विभाग का घेराव कर प्रधानमंत्री व ऊर्जा मंत्री का पुतला फूंका

कोटा: स्मार्ट हलचल|युवा, किसान और आमजन के अधिकारों पर लगातार हो रहे हमलों तथा भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आज ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सिमलिया के तत्वावधान में सिमलिया कस्बे में जोरदार जनआक्रोश प्रदर्शन आयोजित किया गया।कांग्रेस कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण सराय भवन, सिमलिया में एकत्रित हुए। वहां से सरकार विरोधी नारों के साथ विशाल रैली निकाली गई, जो मुख्य बाजार से होती हुई विद्युत विभाग कार्यालय पहुँची। कार्यकर्ताओं ने कार्यालय का घेराव कर जबरन स्मार्ट मीटर लगाने, क्षेत्र में बेलगाम अवैध खनन, किसानों को खाद की कालाबाज़ारी, बिजली की अव्यवस्थाओं तथा दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे निर्दोष छात्रों पर हुए बर्बर लाठीचार्ज के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद देश के प्रधानमंत्री एवं स्थानीय विद्युत मंत्री का प्रतीकात्मक पुतला दहन कर भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।

प्रदर्शन का नेतृत्व देहात जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भानू प्रताप सिंह ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा सरकार जनता की समस्याओं का समाधान करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। किसानों को खाद नहीं मिल रही, बिजली व्यवस्था चरमराई हुई है, जनता की जेब पर जबरन स्मार्ट मीटर थोपकर आर्थिक बोझ डाला जा रहा है, अवैध खनन माफिया सरकार के संरक्षण में फल-फूल रहे हैं और जब युवा अपने भविष्य की लड़ाई लड़ते हैं तो उन्हें लाठियों और मुकदमों से कुचलने का प्रयास किया जाता है। लोकतंत्र में जनता की आवाज़ को दबाने वाली सरकार को अब जनता ही जवाब देगी। कांग्रेस पार्टी अन्याय, भ्रष्टाचार और तानाशाही के खिलाफ अंतिम सांस तक संघर्ष करती रहेगी।

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सिमलिया की अध्यक्ष गीता मेघवाल ने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों, युवाओं, मजदूरों और गरीबों के साथ विश्वासघात किया है। महंगाई, बेरोजगारी, बिजली संकट, खाद की कालाबाज़ारी और भ्रष्टाचार से जनता त्रस्त है, लेकिन सरकार जनहित के मुद्दों पर मौन बैठी है। कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज़ बनकर हर गांव और हर गली में संघर्ष करेगी तथा जनविरोधी नीतियों का लोकतांत्रिक तरीके से पुरजोर विरोध जारी रखेगी। प्रदर्शन व सभा को कार्यकारी ब्लॉक अध्यक्ष अनिरुद्ध मीणा महिला कांग्रेस की देहात अध्यक्ष गायत्री मीणा ऐसी प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष परशुराम बेरवा अनुषा के देहात जिला अध्यक्ष निरंजन योगी सांगोद ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मिर्जा शकील अहमद, रईस खान रमेश गुर्जर समस्त इकाई अध्यक्षगण आदि कई वरिष्ठ कांग्रेस पदाधिकारी ने कार्यक्रम को कार्यक्रम का संचालन सत्यनारायण मेघवाल एडवोकेट ने किया संबोधित किया तथा जिसमें रमेश चन्द नागर, रामभरोस मीणा विष्णु मीणा विष्णु शर्मा नवल नागर विनोद मेघवाल ऐसी ब्लॉक अध्यक्ष भुवनेश नागर, रीपी सिंह श्रीमति संतोष मीणा ललिता नागर भुवनेश तिवारी रामकैलाश मेघवाल शांति लाल मीणा महेंद्र मेघवाल राजकुमार मीणा चंद्रप्रकाश मैहरा, महावीर मीणा अर्पित नंदवाना राजेंद्र रैगर, कौशल सिंह आनंदी लाल मेरोठा खलील भाई नंदजी गुर्जर आदि सैकड़ो की तादाद में कॉन्ग्रेस कार्यकता मौजूद रहे

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जबरन स्मार्ट मीटर लगाने की कार्रवाई नहीं रोकी, किसानों को समय पर खाद उपलब्ध नहीं कराई, अवैध खनन पर प्रभावी रोक नहीं लगाई तथा छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस लेकर दोषियों पर कार्रवाई नहीं की, तो कांग्रेस पार्टी पूरे सांगोद विधानसभा क्षेत्र में उग्र जनआंदोलन छेड़ेगी, जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी भाजपा सरकार की होगी।

प्रदर्शन में कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, ब्लॉक एवं मंडल पदाधिकारी, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस, किसान कांग्रेस सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं आमजन उपस्थित रहे।