उत्तराखंड शासन के सचिव दीपक कुमार ने डेक्कन कॉलेज का किया दौरा, संस्कृत विश्वकोशीय शब्दकोश परियोजना का लिया जायजा

पुणे।स्मार्ट हलचल|उत्तराखंड शासन में संस्कृत शिक्षा विभाग के सचिव दीपक कुमार ने पुणे स्थित डेक्कन कॉलेज पोस्ट ग्रेजुएट एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट (डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी) का दौरा कर संस्कृत एवं लेक्सिकोग्राफी विभाग की शैक्षणिक और शोध गतिविधियों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने विभाग के प्रोफेसरों के साथ संस्कृत विश्वकोशीय शब्दकोश (Sanskrit Encyclopedic Dictionary) परियोजना सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की।

दौरे के दौरान विभाग के वरिष्ठ विद्वान डॉ. भाव शर्मा ने संस्कृत विश्वकोशीय शब्दकोश के निर्माण की पूरी प्रक्रिया से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि यह महत्वाकांक्षी परियोजना वेदों से लेकर 18वीं शताब्दी तक के लगभग 1,500 महत्वपूर्ण संस्कृत ग्रंथों पर आधारित है। अब तक इस शब्दकोश के 35 खंड प्रकाशित किए जा चुके हैं, जबकि तीन नए खंड शीघ्र प्रकाशित होने वाले हैं।

सचिव दीपक कुमार ने परियोजना को संस्कृत भाषा, साहित्य और शोध के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्य भारतीय ज्ञान परंपरा के संरक्षण और वैश्विक स्तर पर संस्कृत के प्रचार-प्रसार में अहम भूमिका निभा रहे हैं।

विभाग में संचालित एम.ए. (संस्कृत एवं लेक्सिकोग्राफी) तथा पीएच.डी. कार्यक्रमों की जानकारी भी उन्हें दी गई। विभाग द्वारा तैयार किए जा रहे इस शब्दकोश में लगभग डेढ़ लाख संस्कृत शब्दों के अंग्रेज़ी अर्थ संकलित किए गए हैं। इसकी विशेषता यह है कि प्रत्येक शब्द के अर्थ के साथ यह भी बताया गया है कि वह शब्द किस मूल संस्कृत ग्रंथ से लिया गया है, जिससे शोध कार्य और अधिक प्रमाणिक एवं उपयोगी बन जाता है।

बताया गया कि यह शब्दकोश केवल शोधार्थियों के लिए ही नहीं, बल्कि उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय, संस्कृत विद्यालयों एवं महाविद्यालयों, अन्य विश्वविद्यालयों तथा स्कूल-कॉलेजों में संस्कृत विषय का अध्ययन एवं अध्यापन करने वाले विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए भी अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा।

इस अवसर पर डेक्कन कॉलेज के कुलपति प्रो. प्रसाद जोशी, डॉ. शिल्पा सुमंत, डॉ. भाव शर्मा, डॉ. बंसी लहले सहित संस्कृत एवं लेक्सिकोग्राफी विभाग के अन्य संकाय सदस्य उपस्थित रहे।