लूट व छीना-झपटी की वारदातों का खुलासा: 3 शातिर आरोपी गिरफ्तार

भीलवाड़ा। सागर राणा (IPS), जिला पुलिस अधीक्षक भीलवाड़ा के आदेशानुसार ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ रही लूट एवं छीना-झपटी की वारदातों की रोकथाम तथा वांछित अपराधियों की धरपकड़ हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में बुधराज (RPS), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के निर्देशन व राहुल जोशी, पुलिस उप-अधीक्षक (वृत्त माण्डल) के सुपरविजन में गजेन्द्र सिंह नरुका, थानाधिकारी माण्डल के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्यवाही करते हुए लूट व झपटमारी की घटनाओं का पर्दाफाश कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

यह था मामला

दिनांक 22.07.2026 को प्रार्थी श्री जकिर हुसैन (निवासी लुहारिया) ने थाना माण्डल पर रिपोर्ट दी कि दिनांक 21.07.2026 की रात करीब 2:00 बजे जब वे और उनकी पत्नी खेत पर सो रहे थे, तब कुछ अज्ञात बदमाशों ने धावा बोला। बदमाशों ने प्रार्थी की पत्नी के कानों से 10 ग्राम सोने की बालियां झपट लीं, जिससे उनके दोनों कान फट गए। अंधेरे का फायदा उठाकर आरोपी मौके से फरार हो गए।

रिपोर्ट के आधार पर प्रकरण संख्या 231/26, धारा 309(6) BNS के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान देवलाल गुर्जर (उप-निरीक्षक) के सुपुर्द किया गया।

सीसीटीवी व तकनीकी साक्ष्य

गठित टीम द्वारा घटनास्थल के आसपास 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। टीमों ने परस्पर समन्वय स्थापित कर कड़ियों से कड़ियां जोड़ते हुए तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों को चिह्नित किया।

मोडस ऑपरेंडी (वारदात का तरीका)

पूछताछ में मुख्य आरोपी राजेश उर्फ भोल्या ने खुलासा किया कि वह गांव लुहारिया में किराये पर रहकर मजदूरी के बहाने रेकी करता था। रेकी के बाद वह अपने साथियों को वारदात के लिए बुलाता था। वारदात के समय अभियुक्त मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करते थे। घटना को अंजाम देने के बाद साथियों को रवाना कर आरोपी राजेश स्वयं पुनः मजदूरी व रेकी में लग जाता था।

अन्य वारदातों का कबूलनामा: आरोपियों ने माण्डल थाना क्षेत्र के लुहारिया, सोदानपुरा व केरिया खेड़ा तथा थाना बागोर क्षेत्र में लूट व छीना-झपटी की कई घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है, जिससे अन्य वारदातों के खुलने की संभावना है।

ये हुए गिरफ्तार

रतनलाल पिता भंवर कालबेलिया उर्फ मूल्या सिन्दल (उम्र 28 वर्ष), निवासी- माताजी की बावड़ी, माधोगंज गोपालपुरा, थाना टोडारायसिंह, जिला टोंक।

राजेश उर्फ भोल्या पिता भंवर कालबेलिया उर्फ मूल्या सिन्दल (उम्र 28 वर्ष), निवासी- माताजी की बावड़ी, माधोगंज गोपालपुरा, थाना टोडारायसिंह, जिला टोंक।

शंकरनाथ पिता जगदीश नाथ कालबेलिया (उम्र 32 वर्ष), निवासी- भीमरोड, थाना मोर, जिला टोंक।