रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाने पहुंचे विधायक गोपीचंद मीणा, कहा— रक्तदान सबसे बड़ा मानव सेवा का कार्य
अलकेश पारीक
स्मार्ट हलचल|उलेला कारगिल विजय दिवस के अवसर पर ग्राम उलेला स्थित देवनारायण भगवान मंदिर प्रांगण में आयोजित दूसरे विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में रविवार को सेवा, समर्पण और देशभक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। शिविर में क्षेत्रभर से पहुंचे युवाओं, महिलाओं और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा 191 यूनिट रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। रक्तदान के लिए सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और दिनभर उत्साह का माहौल बना रहा।
शिविर में जहाजपुर विधायक गोपीचंद मीणा भी पहुंचे। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद को नया जीवन देने का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने रक्तवीरों का सम्मान किया और आयोजन समिति के इस सामाजिक अभियान की सराहना करते हुए इसे प्रेरणादायक पहल बताया।
शिविर के दौरान रक्तदाताओं की हीमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर, ब्लड ग्रुप सहित आवश्यक स्वास्थ्य जांच निःशुल्क की गई। रक्तदान करने वाले सभी रक्तवीरों को सम्मान पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
आयोजन समिति ने बताया कि पिछले वर्ष आयोजित प्रथम शिविर में 180 से अधिक यूनिट रक्त संग्रहित हुआ था, जबकि इस वर्ष 191 यूनिट रक्त संग्रहित कर नया रिकॉर्ड बनाया गया। समिति ने सभी रक्तदाताओं, चिकित्सकों, स्वयंसेवकों, सामाजिक संगठनों और सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी ऐसे जनसेवा के अभियान लगातार जारी रहेंगे।
