• डीजीपी राजीव कुमार शर्मा के निर्देशन में ‘महिला सुरक्षा संकल्प’ एवं जनसंपर्क अभियान के तहत समाज के हर वर्ग तक पहुंच रही पुलिस
जयपुर 26 जुलाई।स्मार्ट हलचल|महानिदेशक पुलिस राजस्थान श्री राजीव कुमार शर्मा के निर्देशन में प्रदेशभर में संचालित ‘महिला सुरक्षा संकल्प’ एवं सामुदायिक पुलिसिंग अभियान के तहत राजस्थान पुलिस लगातार समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचकर सुरक्षा, विश्वास और जागरूकता का संदेश दे रही है। इसी क्रम में अजमेर में वरिष्ठ नागरिकों से आत्मीय संवाद स्थापित किया गया, वहीं जयपुर के ज्योति नगर थाना क्षेत्र की कच्ची बस्तियों में महिलाओं एवं बच्चों के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
अजमेर जिले में पुलिस अधीक्षक श्री हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘वरिष्ठ जन संबल कार्यक्रम’ के तहत पुलिस अधिकारियों ने एकाकी रह रहे वरिष्ठ नागरिकों एवं बुजुर्ग दंपत्तियों के घर पहुंचकर उनका कुशलक्षेम जाना, उनकी समस्याएं सुनीं तथा हरसंभव पुलिस सहायता का भरोसा दिलाया। इस दौरान उन्हें साइबर अपराधों से बचाव, आपातकालीन हेल्पलाइन 112, साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा महिला हेल्पलाइन 1090 की जानकारी देने के साथ सुरक्षित जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए गए। पुलिस की इस संवेदनशील पहल से वरिष्ठ नागरिकों में सुरक्षा एवं आत्मीयता की भावना और मजबूत हुई।
वहीं जयपुर पुलिस थाना ज्योति नगर क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (SIUCAW) जिज्ञासा पूनिया एवं थानाधिकारी गुंजन सोनी के नेतृत्व में कच्ची बस्ती में महिलाओं, किशोरियों और बच्चों के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिला सुरक्षा, बाल संरक्षण, गुड टच-बैड टच, साइबर अपराधों से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, महिला एवं बाल अधिकारों तथा आपातकालीन हेल्पलाइन के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही महिलाओं और बच्चों को किसी भी प्रकार की हिंसा, उत्पीड़न अथवा साइबर ठगी की स्थिति में बिना झिझक पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।
राजस्थान पुलिस का यह अभियान केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के कमजोर एवं संवेदनशील वर्गों तक पहुंचकर उनमें सुरक्षा, विश्वास और पुलिस के प्रति अपनत्व की भावना विकसित करने का भी सशक्त प्रयास है। वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और बच्चों ने पुलिस की इस मानवीय पहल की सराहना करते हुए इसे समाज और पुलिस के बीच विश्वास की मजबूत कड़ी बताया।
————-
