अनिल कुमार
ब्यावर।स्मार्ट हलचल|पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार चलाए जा रहे एक दिवसीय विशेष ‘एरिया डोमिनेशन’ अभियान के तहत ब्यावर सदर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने अवैध खनन पर शिकंजा कसते हुए अवैध बजरी और पत्थरों से भरे वाहनों को जब्त किया है। साथ ही, लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों और शांतिभंग करने वालों समेत कुल 12 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
अवैध खनन पर कड़ा प्रहार
कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने अवैध खनन के खिलाफ सख्ती दिखाते हुए अवैध बजरी से भरा एक डंपर और अवैध पत्थर से भरा एक ट्रैक्टर जब्त किया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया।
वर्षों से फरार वारंटी और आरोपी दबोचे
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया एवं वृत्ताधिकारी राजेश कसाना के निकट सुपरविजन में थानाधिकारी (पुलिस निरीक्षक) गजराज व उनकी टीम ने दबिश देकर वांछित अपराधियों को गिरफ्तार किया:
05 वसूली वारंट निस्तारित: 5 वसूली वारंट में वांछित आरोपी अमरा पुत्र नारायण मेहरात (निवासी रतनपुरा घाटा) को गिरफ्तार किया गया।
02 स्थाई वारंट निस्तारित: 2 स्थाई वारंट में वांछित आरोपी दीपक नायक उर्फ दीपू (35) पुत्र जौहरीलाल नायक (निवासी रहमानखेड़ा) को दबोचा गया।
अन्य गिरफ्तारियां: गिरफ्तारी वारंट के तहत 8 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 2 आरोपियों को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया।
एसपी रतन सिंह ने बताया कि अपराधों पर अंकुश लगाने और वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
