नालियां जाम,सड़क पर बह रहा गंदा पानी:जलभराव से बीमारियां फैलने की आशंका

मंगरोप।हमीरगढ़ उपखंड क्षेत्र की आमलीगढ़ पाछली ग्राम पंचायत मुख्यालय के गाड़री मोहल्ले में नालियों की बदहाली से हालात चिंताजनक हो गए हैं।मोहल्ले में नालियां चौक होने के कारण गंदा पानी लगातार सड़क पर जमा रहता है,जिससे आमजन का आवागमन बाधित हो रहा है।स्थानीय निवासी सांवरमल गाडरी ने बताया कि गाड़री मोहल्ले में लंबे समय से नालियों की नियमित सफाई नहीं करवाई गई है।परिणामस्वरूप गंदा पानी सड़कों पर फैल रहा है।इससे न केवल बदबू और गंदगी फैल रही है,बल्कि बीमारियों का खतरा भी बढ़ता जा रहा है।उन्होंने बताया कि सबसे गंभीर समस्या स्कूली बच्चों को हो रही है।रोजाना स्कूल आने-जाने वाले बच्चे फिसलकर गंदे पानी में गिर जाते हैं,जिससे उन्हें चोट लगने के साथ-साथ कपड़े खराब होते हैं और पढ़ाई में भी बाधा उत्पन्न हो रही है।अभिभावकों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता व्याप्त है।ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार ग्राम पंचायत को अवगत कराया गया,लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।मोहल्लेवासियों ने प्रशासन और पंचायत से शीघ्र नालियों की सफाई कराने,जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने और सड़क को गंदे पानी से मुक्त कराने की मांग की है,ताकि आमजन और विशेषकर स्कूली बच्चों को राहत मिल सके।