अनिल कुमार
ब्यावर/रायपुर।स्मार्ट हलचल|पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिला स्पेशल टीम (DST) ब्यावर और रायपुर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए हथियार रिपेयरिंग की आड़ में अवैध हथियारों का निर्माण व मरम्मत करने वाले एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध बंदूक भी जब्त की है।
मुखबिर की सूचना पर दुकान पर छापा
ब्यावर पुलिस अधीक्षक रतन सिंह के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जेनिया एवं रायपुर वृताधिकारी बंशीलाल पाण्डर के सुपरविजन में पुलिस टीम लगातार असामाजिक तत्वों पर नजर बनाए हुए थी।
24 जुलाई को DST टीम को सटीक सूचना मिली कि सांखलो का बास (रायपुर) निवासी मुराद बक्श (48) अपनी बंदूक रिपेयरिंग की दुकान पर अवैध व क्षतिग्रस्त हथियारों को ठीक कर रहा है। इस सूचना पर DST ब्यावर और थाना रायपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने दुकान पर दबिश दी, जहाँ आरोपी एक बंदूक की मरम्मत करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।
मामला दर्ज, अनुसंधान जारी
रायपुर थाना पुलिस ने आरोपी मुराद बक्श पुत्र सत्तार बक्श के खिलाफ प्रकरण संख्या 135/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 व 5/25 में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी यह हथियार किसके लिए तैयार कर रहा था और पूर्व में किन-किन लोगों को ऐसे हथियार सप्लाई कर चुका है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम:
इस पूरी कार्रवाई में रायपुर थानाधिकारी राजूराम (पु.नि.) एवं DST प्रभारी राज दीपेंद्र सिंह (पु.नि.) के नेतृत्व में एएसआई रामजस मीणा, एएसआई जितेंद्र सिंह, एएसआई कैलाश चंद, हेड कॉन्स्टेबल भवानी सिंह तथा कॉन्स्टेबल सुरेंद्र सिंह, राजेंद्र व होनाराम की मुख्य भूमिका रही।
