गुरु पूर्णिमा महोत्सव : 28 जुलाई को भव्य भजन संध्या, 29 जुलाई को हवन-पूजन एवं महाप्रसादी

भीलवाड़ा, मूलचन्द पेसवानी
स्मार्ट हलचल|गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर श्री छोबावड़ी सगस जी रत्नेश्वर महादेव मठ, रेलवे स्टेशन के पास, हमीरगढ़ (चित्तौड़ रोड, भीलवाड़ा) में 28 एवं 29 जुलाई को दो दिवसीय गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति एवं उल्लास के साथ आयोजित किया जाएगा। महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।श्री महंत साध्वी देवगिरी ने बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी गुरु पूर्णिमा महोत्सव का आयोजन भव्य स्तर पर किया जा रहा है। महोत्सव का शुभारंभ 28 जुलाई, मंगलवार को रात्रि 8:15 बजे भव्य भजन संध्या से होगा, जिसमें सुप्रसिद्ध भजन गायकों द्वारा गुरु महिमा एवं भक्ति रस से ओतप्रोत प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

उन्होंने बताया कि 29 जुलाई, बुधवार को प्रातः 9:15 बजे हवन, गुरुचरण पूजन, समाधि पूजन एवं भजन संध्या का आयोजन होगा। इसके पश्चात श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसादी का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान संत-महात्माओं का सान्निध्य तथा गुरु महिमा का गुणगान श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहेगा।

श्री महंत साध्वी देवगिरी ने समस्त धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से सपरिवार महोत्सव में पधारकर गुरुजनों का आशीर्वाद प्राप्त करने एवं धार्मिक कार्यक्रमों का पुण्य लाभ लेने का आग्रह किया।

इस अवसर पर उन्होंने गुरु महिमा का स्मरण कराते हुए कहा—

“गुरुर्ब्रह्मा गुरुर्विष्णुः गुरुर्देवो महेश्वरः।
गुरुः साक्षात् परब्रह्म तस्मै श्री गुरवे नमः॥”