अविनाश मीणा | घाड़ (देवली), टोंक
स्मार्ट हलचल|कनवाडा ग्राम पंचायत के सांकली गांव में इन दिनों पेयजल संकट गहरा गया है। गांव के पास से गुजर रही बीसलपुर योजना की मुख्य पाइपलाइन में पिछले 15 दिनों से गंभीर लीकेज बना हुआ है। इसके कारण हजारों लीटर शुद्ध पेयजल रोजाना व्यर्थ बह रहा है और सांकली गांव के निवासियों को पीने के पानी के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर जलदाय विभाग के कर्मचारियों को कई बार सूचित किया जा चुका है। ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना मिलने पर विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचते हैं, लेकिन केवल कागजी कार्रवाई करके लौट जाते हैं। समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं होने के कारण पिछले दो सप्ताह से स्थिति जस की तस बनी हुई है।
पेयजल आपूर्ति बाधित होने से नाराज ग्रामीणों ने विभाग की कार्यशैली पर रोष व्यक्त किया है। राधेश्याम, राकेश, मायराम, हनुमान, मनीष, प्रधान और राजेंद्र मीणा सहित कई ग्रामीणों ने जल्द से जल्द पाइपलाइन की मरम्मत कराने की मांग की है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस लीकेज को दुरुस्त कर सुचारु जलापूर्ति शुरू नहीं की गई, तो वे विभाग के खिलाफ आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
