—–> अतिक्रमण पर चलेगा बुलडोजर, लापरवाह अफसरों को थमाया नोटिस।
महेंद्र कुमार सैनी
स्मार्ट हलचल/ नगर फोर्ट उनियारा स्थित कृषि मंडी कार्यालय परिसर में उपखंड अधिकारी सुमन गुर्जर की अध्यक्षता में मानसून पूर्व तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में आगामी मानसून के दौरान जलभराव, अतिक्रमण और आमजन से जुड़ी समस्याओं के त्वरित निस्तारण को लेकर गहन विचार-विमर्श किया गया।बैठक के दौरान एसडीएम सुमन गुर्जर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट और सख्त दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि गलवा बांध में जलस्तर बढ़ने और हाइवे निर्माण के कारण जिन क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन सकती है, वहां के प्रभावित परिवारों को समय रहते चिन्हित कर सतर्क किया जाए। साथ ही शहर व ग्रामीण इलाकों में नालों की समुचित सफाई सुनिश्चित करने और कार्य में पारदर्शिता के लिए सफाई की जियो-टैग्ड रिपोर्ट जमा कराने के आदेश दिए।जल निकासी को बाधित करने वाले अतिक्रमणों पर सख्त रुख अपनाते हुए एसडीएम ने ग्राम पंचायतों में सार्वजनिक रास्तों और नालों पर किए गए अतिक्रमणों को तुरंत चिन्हित कर हटाने के निर्देश दिए, ताकि बारिश के दौरान पानी का भराव न हो।बैठक में जानकारी दी गई कि एसडीआरएफ मद के तहत उपखंड क्षेत्र के 65 जर्जर विद्यालय भवनों की छतों का मरम्मत कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है, जिससे मानसून के दौरान छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सकेगी।
इसके अलावा पुलिस थाना और सीएचसी से जुड़े भूमि पट्टा मामलों तथा संपर्क पोर्टल पर लंबित जनसुनवाई की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश भी दिए गए।वहीं समीक्षा बैठक में बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई करते हुए कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगने के आदेश दिए गए हैं।
