भरत शर्मा
पीपलू, स्मार्ट हलचल|पर्यावरण उच्च प्राथमिक विद्यालय में अध्ययन कर नीट परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले छात्र आदित्य स्वामी का सोमवार को विद्यालय परिसर में सम्मान समारोह आयोजित कर अभिनंदन किया गया। आदित्य ने कक्षा 1 से 8 तक की शिक्षा इसी विद्यालय से प्राप्त की थी।संस्था निदेशक रामअवतार सैनी ने बताया कि आदित्य स्वामी बगड़वा गांव के एक साधारण एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से हैं। विपरीत परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने अपनी मेहनत, लगन और निरंतर अध्ययन के बल पर नीट परीक्षा में सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
सम्मान समारोह के दौरान आदित्य स्वामी ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति महंगी शिक्षा का खर्च उठाने की नहीं थी। उन्होंने 10वीं एवं 12वीं कक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त किए, जिसके बाद संस्था ने उनकी प्रतिभा को देखते हुए सहयोग किया। लगभग ₹3.50 लाख की शैक्षणिक फीस में से उन्हें केवल ₹25 हजार जमा कराने पड़े, जिससे उन्हें आगे की पढ़ाई जारी रखने और अपने लक्ष्य तक पहुंचने में मदद मिली।
कार्यक्रम में विद्यालय परिवार ने आदित्य को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर नाथूराम मीणा, सुमित्रा तंवर, मंजू शर्मा, गणेश चंदेल, राधा शर्मा एवं शंकरलाल यादव सहित विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहा।
