विशेष साइबर अभियान के तहत बून्दी पुलिस की बड़ी सफलता

 

लगभग ₹25 लाख कीमत के 101 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर वास्तविक मालिकों को लौटाए।

बूंदी-स्मार्ट हलचल|जिला पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा (IPS) ने बताया कि महानिदेशक पुलिस, साइबर क्राइम, राजस्थान, जयपुर के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष साइबर अभियान के तहत बून्दी पुलिस ने गुमशुदा एवं चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। अभियान के दौरान जिले के समस्त पुलिस थानों एवं साइबर पुलिस टीम द्वारा CEIR पोर्टल, IMEI ट्रैकिंग तथा आधुनिक तकनीकी विश्लेषण की सहायता से गुमशुदा मोबाइल फोन को ट्रेस कर बरामद करने की प्रभावी कार्रवाई की गई। इस विशेष अभियान के अंतर्गत कुल 101 गुमशुदा मोबाइल फोन सफलतापूर्वक बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कुल कीमत लगभग ₹25 लाख है। आवश्यक सत्यापन एवं कानूनी प्रक्रिया पूर्ण करने के उपरांत सभी मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को पुलिस अधीक्षक कार्यालय, बून्दी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विधिवत सुपुर्द किए गए।

मोबाइल फोन वापस प्राप्त करने वाले नागरिकों ने बून्दी पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें अपने गुम हुए मोबाइल के वापस मिलने की उम्मीद नहीं थी, लेकिन बून्दी पुलिस के निरंतर प्रयासों, आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग एवं त्वरित कार्रवाई के कारण उनके मोबाइल सुरक्षित वापस मिल सके। इस सफलता से आमजन का पुलिस के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है।

पुलिस की प्रभावी कार्यवाही

विशेष साइबर अभियान के तहत जिला पुलिस अधीक्षक बून्दी के निर्देशन में जिले के सभी पुलिस थानों एवं साइबर टीम द्वारा लगातार तकनीकी विश्लेषण किया गया।

CEIR पोर्टल, IMEI ट्रैकिंग एवं अन्य आधुनिक तकनीकी संसाधनों की सहायता से विभिन्न राज्यों एवं जिलों में सक्रिय मोबाइल फोन को ट्रेस किया गया। संबंधित व्यक्तियों से संपर्क स्थापित कर नियमानुसार कानूनी प्रक्रिया पूर्ण करते हुए 101 मोबाइल फोन बरामद किए गए तथा उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए गए। बून्दी पुलिस द्वारा पूर्व में भी CEIR पोर्टल की सहायता से बड़ी संख्या में गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर आमजन को राहत प्रदान की जा चुकी है तथा भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
साइबर हेल्पलाइन पोस्टर जारी

अभियान के दौरान आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 के अतिरिक्त जिले के साइबर हेल्पलाइन नं. 8764862409 का जागरूकता पोस्टर भी जारी किया गया। नागरिकों से अपील की गई कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी या ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल जिले के हेल्पलाइन नंबर या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।

आमजन से अपीलः- जिला पुलिस अधीक्षक श्री अवनीश कुमार शर्मा (IPS) ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति का मोबाइल फोन गुम हो जाए अथवा चोरी हो जाए, तो वह बिना विलंब अपने निकटतम पुलिस थाना अथवा साइबर पुलिस थाना में सूचना दर्ज कराएं। नागरिक स्वयं भी CEIR पोर्टल के माध्यम से अपने मोबाइल की गुमशुदगी दर्ज कर मोबाइल को ब्लॉक कराने एवं उसकी ट्रैकिंग की प्रक्रिया प्रारंभ कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि समय पर सूचना देने से मोबाइल फोन बरामद होने की संभावना काफी बढ़ जाती है तथा साइबर अपराधों की रोकथाम में भी सहायता मिलती है। बून्दी पुलिस आधुनिक तकनीक का प्रभावी उपयोग करते हुए आमजन की सुरक्षा, सुविधा एवं विश्वास बनाए रखने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।