चमनपुरा में चल रहे जुए के अड्डे पर पुलिस की कार्रवाई, ₹26,780 की जुआ राशि, मोटरसाइकिल व जुआ सामग्री जब्त
भीलवाड़ा (महेन्द्र नागौरी)
स्मार्ट हलचल|जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बनेड़ा थाना पुलिस ने जुआरियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए चमनपुरा गांव के तालाब के पेटे के पास संचालित जुए के फड़ पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को रंगे हाथों जुआ खेलते गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹26,780 की नकद जुआ राशि, जुआ खेलने में प्रयुक्त सामग्री तथा हीरो एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल जब्त की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजमल खटीक एवं कमलेश सुवालका के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ राजस्थान जुआ अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
