खोया नहीं, वापस मिलेगा! भीलवाड़ा पुलिस की साइबर टीम का बड़ा कारनामा

महेन्द्र नागौरी

भीलवाड़ा |स्मार्ट हलचल|यदि आपका मोबाइल गुम हो गया है या चोरी हो गया है, तो अब घबराने की जरूरत नहीं है। भारत सरकार के CEIR (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल और भीलवाड़ा पुलिस की सक्रियता ने सैकड़ों लोगों की उम्मीदें लौटाई हैं। जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए गए विशेष अभियान के तहत पिछले तीन माह में 281 खोए एवं चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए गए।
सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एसपी सागर राणा की मौजूदगी में शहर क्षेत्र के 60 से अधिक बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द किए गए। शेष मोबाइल संबंधित पुलिस थानों के माध्यम से उनके मालिकों तक पहुंचाए गए। वर्षों की मेहनत की कमाई से खरीदे गए मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी और उन्होंने भीलवाड़ा पुलिस का आभार जताया।
अभियान का संचालन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) राजेश आर्य के सुपरविजन में किया गया। रिकवरी अभियान में सबसे अधिक 47 मोबाइल प्रतापनगर थाना, 26 गुलाबपुरा, 18 करेड़ा, 16 जहाजपुर, 12 सुभाषनगर, 11-11 गंगापुर और कोटड़ी, 10 बनेड़ा, 9-9 हनुमान नगर और कोतवाली, 8-8 भीमगंज, बिजौलिया, मांडल एवं मांडलगढ़ सहित जिले के सभी थाना क्षेत्रों की सक्रिय भागीदारी रही।
भीलवाड़ा पुलिस के अनुसार CEIR पोर्टल पर अब तक दर्ज 2709 ट्रेस शिकायतों में से 2005 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए जा चुके हैं, जो साइबर पुलिसिंग की बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
जिला स्तर पर CEIR पोर्टल का संचालन साइबर सेल प्रभारी आशीष मिश्रा के नेतृत्व में नोडल कार्मिक कांस्टेबल छोटू रेबारी द्वारा किया जा रहा है। इस अभियान में साइबर सेल और विभिन्न थानों के साइबर हेल्प डेस्क कार्मिकों ने तकनीकी समन्वय के साथ महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मोबाइल गुम होने या चोरी होने पर तुरंत CEIR पोर्टल या संचार साथी ऐप पर शिकायत दर्ज करें तथा नजदीकी पुलिस थाने या जिला साइबर सेल को सूचना दें। समय पर शिकायत दर्ज होने से मोबाइल को ब्लॉक कर उसका दुरुपयोग रोका जा सकता है और ट्रेस होने पर उसे शीघ्र वास्तविक मालिक तक वापस पहुंचाया जा सकता है।