अनिल कुमार
ब्यावर।स्मार्ट हलचल|राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) ई-3 रेस्क्यू टीम ब्यावर की कार्यकुशलता और आपदा प्रबंधन की तैयारियों का जायजा लेने के लिए उच्चाधिकारियों ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री रतन सिंह एवं SDRF कमांडेंट श्री राजेंद्र सिंह सिसोदिया ने संयुक्त रूप से टीम के कार्यालय और संसाधनों का बारीकी से अवलोकन किया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने रेस्क्यू उपकरणों, सुरक्षा संसाधनों और आपदा राहत सामग्री की कार्यक्षमता की गहराई से जाँच की। उन्होंने उपस्थित जवानों से विभिन्न आपदा स्थितियों में अपनाई जाने वाली रेस्क्यू तकनीकों के बारे में जानकारी ली और हर समय तत्पर रहने के निर्देश दिए।
सुरक्षा मानकों और SOP के कड़ाई से पालन पर जोर
पुलिस अधीक्षक एवं SDRF कमांडेंट ने जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी रेस्क्यू ऑपरेशन में स्वयं की सुरक्षा के साथ-साथ प्रभावित लोगों को सुरक्षित निकालना पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों व जवानों को निर्देशित किया कि सभी ऑपरेशन्स के दौरान ‘स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर’ (SOP) और सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करें। किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतते हुए पूरी सतर्कता, अनुशासन और आपसी समन्वय से काम करने पर बल दिया गया।
जवानों की तत्परता की सराहना
निरीक्षण के अंत में अधिकारियों ने SDRF ब्यावर टीम के समर्पण, सतर्कता और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता की जमकर सराहना की। उन्होंने जवानों का उत्साहवर्धन करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार अनुशासित रहकर उत्कृष्ट जनसेवा प्रदान करने का आह्वान किया।
