कांटोली सेवा, संस्कार और नशा मुक्ति का अनूठा संगम

भरत देवड़वाल

मां भद्रकाली धाम काटोली में गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा और सेवा के संग संपन्न

1100 बेटियों को सिलवार सूट, हजारों बच्चों को मिली कॉपी-पेन, नशा मुक्ति का दिलाया संकल्प

निवाई-जयपुर ।स्मार्ट हलचल|टोंक जिले के निवाई उपखंड क्षेत्र के कांटोली गांव स्थित महाभारत कालीन मां भद्रकाली मंदिर में गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, सेवा और सामाजिक सरोकारों के साथ धूमधाम से मनाया गया। पीठाधीश्वर श्रीराम महाराज अघोरी के सानिध्य में आयोजित इस विशाल धार्मिक आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर गुरु का आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम केवल धार्मिक अनुष्ठानों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि समाज सुधार, शिक्षा और नशा मुक्ति का सशक्त संदेश भी दिया गया।

गुरु पूर्णिमा के अवसर पर 1100 बेटियों को सिलवार सूट वितरित किए गए, जबकि हजारों बच्चों को कॉपी और पेन देकर शिक्षा को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। इस दौरान श्रीराम महाराज अघोरी ने कहा कि समाज की वास्तविक उन्नति तभी संभव है, जब बेटियों को सम्मान, बच्चों को शिक्षा और युवाओं को संस्कार मिलें। उन्होंने संयुक्त परिवार व्यवस्था को भारतीय संस्कृति की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए सभी से परिवार में प्रेम, सम्मान और एकता बनाए रखने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का सबसे महत्वपूर्ण आकर्षण नशा मुक्ति अभियान रहा। श्रीराम महाराज अघोरी ने उपस्थित हजारों लोगों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को खोखला कर देता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे को त्यागकर शिक्षा, सेवा और राष्ट्र निर्माण के मार्ग पर आगे बढ़ें। बताया गया कि श्रीराम महाराज अघोरी अब तक लाखों लोगों को नशा मुक्ति का संकल्प दिलाकर उन्हें नई जीवन दिशा दे चुके हैं और उनका यह अभियान लगातार आगे बढ़ रहा है।

हिंदू परंपरा में गुरु पूर्णिमा का विशेष महत्व माना जाता है। यह पर्व महर्षि वेदव्यास की जयंती के रूप में भी मनाया जाता है, जिन्हें वेदों के विभाजन और महाभारत जैसे महान ग्रंथ की रचना का श्रेय दिया जाता है। इस दिन शिष्य अपने गुरु के प्रति श्रद्धा, सम्मान और कृतज्ञता प्रकट करते हैं तथा उनसे ज्ञान, सदाचार और जीवन के सही मार्ग पर चलने की प्रेरणा प्राप्त करते हैं।

कार्यक्रम में विधायक रामसहाय वर्मा, प्रसिद्ध संत प्रकाशदास महाराज (भजन सम्राट), निवाई प्रधान रामावतार लांगडी, भाजपा जिला महामंत्री प्रभू बाड़ोलिया, सीताराम मीणा (निवाई) सहित अनेक जनप्रतिनिधि, संत-महात्मा और हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान भजन-कीर्तन, गुरु वंदना और धार्मिक वातावरण से मां भद्रकाली धाम भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने गुरु का आशीर्वाद लेकर समाज में शिक्षा, सेवा, संस्कार और नशा मुक्त जीवन का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।