कोटा।स्मार्ट हलचल| शिक्षा को सामाजिक बदलाव का मजबूत आधार मानते हुए राउंड टेबल इंडिया ने अपने राष्ट्रीय अभियान ‘फ्रीडम थ्रू एजुकेशन’ के अंतर्गत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, बृजराजपुरा-द्वितीय, डाइट परिसर में चार कक्षाओं के नए भवन का लोकार्पण किया।
कोटा राउंड टेबल-281 के चेयरमेन सिद्धार्थ पोद्दार ने बताया कि बृजराजपुरा में निर्मित चार कक्षाओं की कुल लागत लगभग 25 लाख रुपये रही। उन्होंने बताया कि बीते 10 वर्षों में कोटा नगर निगम क्षेत्र में संस्था द्वारा 50 से अधिक कक्षाओं का निर्माण कराया जा चुका है।
एरिया चेयरमैन धर्मवीर पांड्या ने कहा कि ‘फ्रीडम थ्रू एजुकेशन’ अभियान का उद्देश्य वंचित और कमजोर वर्ग के बच्चों के लिए विद्यालयों में जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराकर शिक्षा को आसान, सुरक्षित और बेहतर बनाना है। उन्होंने बताया कि राउंड टेबल इंडिया देशभर के सरकारी विद्यालयों में कक्षाओं के निर्माण के साथ-साथ शौचालय, पेयजल व्यवस्था, पुस्तकालय, विज्ञान प्रयोगशालाएं, खेल मैदान और अन्य बुनियादी सुविधाएं विकसित कर रहा है।
बृजराजपुरा स्थित नए विद्यालय भवन में चार आधुनिक कक्षाओं के साथ बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास को ध्यान में रखते हुए खेल एवं मनोरंजन की सुविधाएं भी विकसित की गई हैं, जिनमें स्लाइड, झूले, सी-सॉ और मेरी-गो-राउंड शामिल हैं। इस परियोजना से हर वर्ष आसपास के क्षेत्रों के 262 वंचित बच्चों को सीधा लाभ मिलेगा।
भवन के लोकार्पण अवसर पर एरिया चेयरमैन धर्मवीर पांड्या, एरिया सेक्रेटरी किंशुक जैन एवं एरिया प्रोजेक्ट कन्वीनर वरुण मालू उपस्थित रहे। यह निर्माण कार्य कोटा राउंड टेबल-281 द्वारा ओरिलाइट एवं रियल टेम्पल्स ऑफ इंडिया के सहयोग से पूरा किया गया।
इस अवसर पर शंकी बंसल, मुदित गोयल, निखिल जैन, तरुण जैन, अपूर्व अग्रवाल, क्रिना जैन, गौरव गोयल, ध्रुव गुप्ता, प्रशांत जैन, ऋषि जैन, दुष्यंत बापना, अरुण मेहता, दर्पण गर्ग, स्वप्निल मदान, मेहक मेहता, करण पांड्या, उदिता पांड्या, सिद्धार्थ मुनोत, लव अग्रवाल, उत्सव बाबेल एवं अर्चिता पोद्दार सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।

