मलबे पर फिसलकर स्कूटी सवार दो छात्राएं घायल, रोज 2-3 हादसों का दावा; विधायक के आश्वासन के बाद भी नहीं हटा पोल
भीलवाड़ा |स्मार्ट हलचल|जिले के बिजौलिया कस्बे का व्यस्त तेजाजी चौक बीच सड़क में लगाए जा रहे विद्युत पोल के कारण हादसों का केंद्र बन गया है। निर्माण कार्य के दौरान सड़क पर फैले मलबे और मार्ग के बीच खड़े पोल से राहगीरों की जान जोखिम में पड़ गई है। शनिवार को स्कूल से घर लौट रही स्कूटी सवार दो छात्राएं मलबे पर फिसलकर गिर गईं। हादसे में दोनों के घुटनों पर चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें संभालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि पोल लगाने के बाद से चौक पर रोजाना दो से तीन छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं हो रही हैं। दिनभर भारी वाहनों और सैकड़ों लोगों की आवाजाही के बीच कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक मूकदर्शक बना हुआ है।
व्यापारी राजू खटीक ने बताया कि बीच सड़क में लगाया जा रहा पोल लगातार दुर्घटनाओं की वजह बन रहा है। क्षेत्रवासियों ने इसे तुरंत सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की है।
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को एडवोकेट सुनील जोशी के नेतृत्व में विधायक गोपाल खंडेलवाल ने मौके का निरीक्षण कर अधिकारियों से चर्चा की थी। विधायक ने जनहित में पोल को शीघ्र अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित कराने का आश्वासन भी दिया था, लेकिन इसके बावजूद हालात जस के तस बने हुए हैं। अब लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पोल नहीं हटाया गया तो किसी बड़े हादसे की जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।
