चिमु धतरवाल
बायतु/बाड़मेर ।स्मार्ट हलचल|खेतू देवी मेमोरियल ट्रस्ट एवं दीपोणी गोदारा परिवार, खारिया तला भाडखा के तत्वावधान में आयोजित सम्मान समारोह में समाजसेवा, शिक्षा और धार्मिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले साधु-संतों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों एवं मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान किया गया।
समारोह में 78 बार रक्तदान करने, सपत्नीक मरणोपरांत देहदान का संकल्प लेने तथा पर्यावरण संरक्षण के तहत 20 हजार से अधिक पौधे लगाने वाले समाजसेवी डॉ. हरिसिंह कड़वासरा को विशेष सम्मान से नवाजा गया।
इस अवसर पर ट्रस्ट की ओर से 51 छात्र एवं 51 छात्राओं को 5100-5100 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई। साथ ही सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों का शॉल, साफा, माला एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया।
ट्रस्ट पदाधिकारियों ने बताया कि संस्था शिक्षा, समाजसेवा और जनकल्याण के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। समारोह में वक्ताओं ने ऐसे प्रयासों को समाज के लिए प्रेरणादायी बताते हुए ट्रस्ट के कार्यों की सराहना की।
