पानी टंकी की मोटर फुंकी, पांच दिन से 6 हजार आबादी बूंद-बूंद पानी को तरसी

खखरेरू /स्मार्ट हलचल|फतेहपुर धाता विकासखंड की पौली ग्राम सभा में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। पानी टंकी की मोटर जल जाने से पिछले पांच दिनों से जलापूर्ति पूरी तरह ठप है। इससे करीब छह हजार की आबादी बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान है। ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए हैंडपंपों और निजी समरसेबल पर निर्भर होना पड़ रहा है, जहां सुबह से शाम तक लंबी कतारें लगी रहती हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में पानी टंकी से नियमित जलापूर्ति शुरू होने के बाद अधिकांश सरकारी हैंडपंपों के रखरखाव पर ध्यान नहीं दिया गया। परिणामस्वरूप कई हैंडपंप खराब पड़े हैं। अब मोटर खराब होने से जलापूर्ति बंद हो गई है, जिससे पेयजल का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
गांव निवासी अजय मोदी, दीपक, राजू अग्रहरि, दिलदार, चंदन अग्रहरि, मोहम्मद साजिद, लाल मिर्जा, दुर्गा प्रसाद और शिवम दुबे सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि पानी की आपूर्ति बंद होने से उन्हें दूर-दराज से पीने का पानी लाना पड़ रहा है। निजी समरसेबल पर भी भीड़ बढ़ने से लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित अधिकारियों को मोटर खराब होने की सूचना कई बार दी गई, लेकिन पांच दिन बीतने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो सका।
ग्रामीणों ने विभाग से तत्काल नई मोटर लगाकर जलापूर्ति बहाल करने और खराब पड़े सरकारी हैंडपंपों की मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द व्यवस्था बहाल नहीं हुई तो पेयजल संकट और गहरा सकता है।
पानी टंकी पर तैनात ऑपरेटर ने बताया कि मोटर जलने की सूचना उच्च अधिकारियों को दे दी गई है। नई मोटर की व्यवस्था कराई जा रही है। जल्द ही मरम्मत कार्य पूरा कर जलापूर्ति सुचारु कर दी जाएगी।