मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा को राहुल भटनागर ने भेंट की ‘अरण्यम’ पुस्तक

उदयपुर, 2 अगस्त । स्मार्ट हलचल|मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के उदयपुर दौरे के दौरान कालका माता नर्सरी में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के वरिष्ठ वन्यजीव विशेषज्ञ, सेवानिवृत्त मुख्य वन संरक्षक (सीसीएफ) एवं National Tiger Conservation Authority के सदस्य राहुल भटनागर ने अपनी हाल ही में प्रकाशित पुस्तक ‘अरण्यम’ भेंट की।मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने पुस्तक का अवलोकन करते हुए सराहना की तथा कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों के अनुभवों का दस्तावेजीकरण विभाग और नई पीढ़ी के अधिकारियों के लिए प्रेरणादायी एवं उपयोगी है।

इस अवसर पर भटनागर ने मुख्यमंत्री को पुस्तक की विषयवस्तु से अवगत कराते हुए बताया कि अरण्यम में उनके वन विभाग के कार्यकाल के दौरान वन एवं वन्यजीव संरक्षण, संवर्धन, जैव विविधता संरक्षण, विभिन्न नवाचारों, उल्लेखनीय उपलब्धियों तथा विशिष्ट गतिविधियों का सचित्र विवरण संकलित किया गया है।

कार्यक्रम में ग्रीन पीपल सोसाइटी द्वारा एक विशेष स्टॉल भी लगाया गया, जहां सोसाइटी की पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण, जल संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन तथा जनभागीदारी आधारित अभियानों की जानकारी मुख्यमंत्री एवं अन्य अतिथियों को दी गई। ग्रीन पीपल सोसाइटी के सचिव डॉ. सतीश शर्मा ने सोसाइटी की गतिविधियों और अपनी विभिन्न पुस्तकों के साथ सोसाइटी द्वारा पिपलांत्री में संचालित राजस्थान की प्रथम के कार्बन क्रेडिट परियोजना के बारे में बताया।

इस अवसर पर जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी, वन मंत्री श्री संजय शर्मा,विधायक श्रीचंद कृपलानी, ग्रीन पीपल सोसाइटी के सचिव डॉ. सतीश शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे।
————