10 माह से फरार NDPS एक्ट का टॉप-10 आरोपी अर्जुन जोधपुर से गिरफ्तार

अनिल कुमार

ब्यावर/बर।स्मार्ट हलचल|जिला पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। बर थाना पुलिस ने बीते 10 महीनों से फरार चल रहे एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के वांछित और थाने के टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल आरोपी अर्जुन प्रजापत को गिरफ्तार कर लिया है।
आईजी और एसपी के निर्देशों पर हुई कार्रवाई
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई अजमेर रेंज पुलिस महानिरीक्षक (IG) डॉ. रवि सभरवाल एवं ब्यावर जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह (IPS) के निर्देशों के तहत अंजाम दी गई। अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (अपराध शाखा, जयपुर) द्वारा चलाए जा रहे वांछित अपराधी धरपकड़ अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया और रायपुर वृत्ताधिकारी बंशीलाल पाण्डर (RPS) के निकटतम सुपरविजन में टीम का गठन किया गया था।

45 किलो डोडा पोस्त और कार जब्ती का है मामला

घटना 2 नवंबर 2025 की है। बर थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध स्विफ्ट कार (RJ 19 CF 7148) को रुकवाने का प्रयास किया था। पुलिस को देखकर कार सवारों ने वाहन भगाने की कोशिश की, जो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। मौके से पुलिस ने दो तस्करों—अशोक विश्नोई (तिलवासनी, बिलाड़ा) और लक्ष्मण मेघवाल (झालामंड, जोधपुर)—को 45.400 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया था।
माल मंगवाने वाला और गाड़ी का मालिक था आरोपी
मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जब गहनता से अनुसंधान किया गया, तो सामने आया कि जब्त कार का मालिक और अवैध डोडा पोस्त मंगवाने वाला मुख्य सरगना अर्जुन पुत्र रमेश कुमार प्रजापत (निवासी झालामंड, कुड़ी भगतासनी, जोधपुर) है। घटना के बाद से ही आरोपी लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस को चकमा दे रहा था।
साइबर व तकनीकी इनपुट से दबोचा
थानाधिकारी पन्नालाल (उप निरीक्षक) के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी डेटा विश्लेषण और सूचना तंत्र का सहारा लेते हुए आरोपी के सटीक ठिकाने का पता लगाया। पुख्ता जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित दबिश देकर 22 वर्षीय आरोपी अर्जुन को धर दबोचा।
पुलिस टीम में शामिल सदस्य:
पन्नालाल (थानाधिकारी, बर)
सुनील (कांस्टेबल 608)
महिपाल (कांस्टेबल 543)