ग्रामीणों और विद्यार्थियों के संघर्ष की जीत, महुआ विद्यालय में मिले तीन नए अध्यापक

स्मार्ट हलचल|

लंबे समय से शिक्षकों की कमी से जूझ रहे विद्यालय में नियुक्ति आदेश जारी, विद्यार्थियों में खुशी की लहर

मांडलगढ़, स्मार्ट हलचल। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय महुआ में लंबे समय से बनी हुई शिक्षकों की कमी को लेकर ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों द्वारा किए गए संघर्ष का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। शिक्षा विभाग ने विद्यालय में तीन नए अध्यापकों की नियुक्ति कर दी है, जिससे विद्यार्थियों और ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।

विद्यालय में लंबे समय से स्टाफ की कमी के कारण छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी। इस समस्या को लेकर ग्रामीणों और विद्यार्थियों ने एकजुट होकर शिक्षा विभाग एवं प्रशासन के समक्ष अपनी मांग रखी थी। इसके बाद विभाग ने मामले का संज्ञान लेते हुए विद्यालय में तीन नए अध्यापकों के पदस्थापन के आदेश जारी किए।

नियुक्ति की सूचना मिलते ही विद्यालय के विद्यार्थियों ने एक-दूसरे को बधाई देकर खुशी व्यक्त की। ग्रामीणों का कहना है कि इससे विद्यालय में शिक्षण व्यवस्था मजबूत होगी और विद्यार्थियों की पढ़ाई सुचारु रूप से संचालित हो सकेगी।

इस अवसर पर ग्रामीणों एवं युवाओं ने कहा कि शिक्षा समाज में परिवर्तन का सबसे प्रभावी माध्यम है। जब समाज अपने अधिकारों और बेहतर शिक्षा के लिए संगठित होकर आवाज उठाता है तो सकारात्मक परिणाम अवश्य मिलते हैं।

ग्रामीणों ने इस मुहिम में सहयोग करने वाले रणवीर सिंह शतावत (पूर्व उपसरपंच), लोकेश सोनी, कैलाश शर्मा, कैलाश धाकड़, भीम आर्मी मांडलगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष ओमप्रकाश खटीक सहित सभी ग्रामवासियों, युवाओं, जनप्रतिनिधियों एवं संघर्षशील विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से विद्यार्थियों के भविष्य को नई दिशा मिली है।