Homeदेशवीरपाल सिंह यादव बने समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव

वीरपाल सिंह यादव बने समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव

अखिलेश यादव की स्वीकृति से प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने सौंपी जिम्मेदारी

इटावा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की स्वीकृति से समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने इटावा जिले के ताखा के पूर्व ब्लॉक प्रमुख वीरपाल सिंह यादव को समाजवादी पार्टी का प्रदेश सचिव नियुक्त किया है। इस महत्वपूर्ण नियुक्ति से समाजवादी पार्टी के जमीनी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
वीरपाल सिंह यादव लंबे समय से समाजवादी पार्टी की राजनीति में सक्रिय हैं और संगठन के प्रति उनकी निष्ठा व समर्पण किसी से छिपा नहीं है। जब समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पहली बार कन्नौज लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा था, उस समय वीरपाल यादव ने उनके चुनाव प्रचार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। संगठन को मजबूत करने और जनसंपर्क के क्षेत्र में उनकी सक्रियता को पार्टी नेतृत्व हमेशा सराहता रहा है।
बीते लोकसभा चुनाव में भी वीरपाल सिंह यादव कन्नौज क्षेत्र में पूरी मजबूती के साथ सक्रिय रहे और अखिलेश यादव के पक्ष में प्रचार-प्रसार किया। एक जमीनी नेता के रूप में उनकी अलग पहचान है और वे हमेशा संगठन व कार्यकर्ताओं के बीच से निकलकर राजनीति करने वाले नेता माने जाते हैं।
वीरपाल यादव को समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं संरक्षक नेताजी मुलायम सिंह यादव का भी करीबी माना जाता रहा है। संगठन के प्रति उनकी वर्षों की निष्ठा और संघर्षशील भूमिका को देखते हुए यह नियुक्ति यह साफ संकेत देती है कि समाजवादी पार्टी अब अपने पुराने, समर्पित और जमीनी कार्यकर्ताओं को आगे लाकर बड़ी जिम्मेदारियां सौंप रही है। इस नियुक्ति के माध्यम से सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने यह भी साबित कर दिया है कि पार्टी में मेहनती कार्यकर्ताओं की अनदेखी नहीं की जाएगी और संगठन को मजबूत करने के लिए अनुभवी नेताओं को आगे बढ़ाया जाएगा।
प्रदेश सचिव बनाए जाने पर वीरपाल सिंह यादव ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव एवं प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने जो विश्वास उन पर जताया है, उस पर वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से खरा उतरने का प्रयास करेंगे। वीरपाल यादव ने यह भी स्पष्ट किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को प्रचंड बहुमत से जिताकर अखिलेश यादव को पुनः मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठाना ही उनका मुख्य लक्ष्य रहेगा। उनकी नियुक्ति पर क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं, समर्थकों और समाजवादी पार्टी के नेताओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उम्मीद जताई कि उनके अनुभव से संगठन को और मजबूती मिलेगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular