सीएम भजनलाल शर्मा का ‘अपनत्व’ – भाजपा पदाधिकारियों के लिए भेजी स्नेह से भरी अबीर गुलाल

जिलाध्यक्ष मेवाड़ा बोले – कार्यकताओं की सार संभाल से ही सत्ता और संगठन मजबूत

भीलवाड़ा 4 फरवरी। रंगों के त्योंहार होली के पावन पर्व पर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा जिले के भाजपा पदाधिकारियों के लिए उपहार स्वरूप भिजवाए गए अबीर गुलाल एवं शुभकामना संदेश का वितरण जिला कार्यालय पर आयोजित स्नेहमिलन समारोह में जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने अपने कर कमलों से किया।

जिला प्रवक्ता अंकुर बोरदिया ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा प्रेषित उपहार को पाकर कार्यकर्ताओं में विश्व की सबसे बड़ी एवं लोकप्रिय पार्टी का सदस्य होने के गौरव की सुखद अनुभूति हुई। उन्होंने संयुक्त रूप से मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष मेवाड़ा ने उपस्थित पदाधिकारियों को होली पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं की सार संभाल भाजपा की सदैव प्राथमिकता रही है जिसके परिणाम स्वरूप आज सत्ता और संगठन दोनों मजबूत स्थिति में है।

कार्यक्रम में पदाधिकारियों के साथ विभिन्न संगठनात्मक मुद्दों के साथ आगामी पंचायत राज एवं निकाय चुनाव पर भी चर्चा हुई। इस दौरान जिला पदाधिकारी, मोर्चा जिलाध्यक्ष, विधानसभा संयोजक, सहसंयोजक एवं जिलेभर के मंडल अध्यक्ष मौजूद रहे।