महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं आत्मनिर्भरता हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता-ममता गुप्ता

महिला सुरक्षा संकल्प अभियान का भव्य समापन समारोह सम्पन्न

बूंदी- स्मार्ट हलचल|उप महानिरीक्षक पुलिस (सुरक्षा), राजस्थान, जयपुर ममता गुप्ता ने कहा— “महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं आत्मनिर्भरता हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता”महिला सुरक्षा जागरुकता वाहन रेली को हरी झंडी दिखाकर किया रवानाराजस्थान पुलिस मुख्यालय के निर्देशन में प्रदेशभर में संचालित “महिला सुरक्षा संकल्प अभियान” के समापन होने के उपरांत आज दिनांक 03 अगस्त 2026 को नगर परिषद टाउन हॉल, कुम्भा स्टेडियम, बून्दी में एक भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती ममता गुप्ता, आईपीएस, उप महानिरीक्षक पुलिस (सुरक्षा), राजस्थान, जयपुर रहीं, जिन्होंने अपने एक दिवसीय बून्दी प्रवास के दौरान कार्यक्रम में भाग लेकर महिला सुरक्षा एवं महिला सशक्तिकरण के संबंध में महत्वपूर्ण संदेश दिया।

कार्यक्रम में जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों की छात्राओं, सुरक्षा सखियों, सीएलजी सदस्यों, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों, महिला संगठनों, तथा बड़ी संख्या में आमजन की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही

कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि श्रीमती ममता गुप्ता के आगमन पर पुलिस अधिकारियों द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन के साथ हुआ। तत्पश्चात मुख्य अतिथि एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारम्भ किया गया।

स अवसर पर बून्दी पुलिस द्वारा पिछले एक माह के दौरान जिलेभर में महिला सुरक्षा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित विभिन्न गतिविधियों पर आधारित एक विशेष लघु फिल्म (शॉर्ट वीडियो) प्रस्तुत की गई। वीडियो में विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम, एकल बुजुर्ग महिलाओं एवं एकल बुजुर्ग दम्पतियों से उनके घर घर जाकर संवाद करना, साइबर सुरक्षा कार्यशालाएँ, महिला सुरक्षा कानूनों की जानकारी, हेल्पलाइन नंबरों का प्रचार-प्रसार, राजकॉप सिटीजन ऐप के माध्यम से सुरक्षा संबंधी जानकारी, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जनजागरूकता अभियान, बालिकाओं को आत्मरक्षा प्रशिक्षण, महिला सुरक्षा संवाद, सुरक्षा सखी कार्यक्रम तथा विभिन्न जनसंपर्क गतिविधियों को प्रदर्शित किया गया। उपस्थित सभी लोगों ने वीडियो की सराहना करते हुए बून्दी पुलिस के प्रयासों की प्रशंसा की।
कार्यक्रम के दौरान कालिका टीम, बून्दी द्वारा आत्मरक्षा प्रशिक्षण का प्रभावशाली लाइव प्रदर्शन किया गया। टीम के सदस्यों ने छात्राओं एवं महिलाओं को विपरीत परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा करने के व्यावहारिक तरीके बताए तथा दैनिक जीवन में अपनाई जाने वाली आत्मरक्षा तकनीकों का प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन को उपस्थित छात्राओं एवं महिलाओं ने अत्यंत उत्साह के साथ देखा तथा आत्मरक्षा प्रशिक्षण को महिलाओं के लिए आवश्यक बताया।
मुख्य अतिथि श्रीमती ममता गुप्ता ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि महिलाओं की सुरक्षा केवल कानून-व्यवस्था का विषय नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक महिला एवं बालिका को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना राजस्थान पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने महिलाओं एवं छात्राओं से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना, छेड़छाड़, साइबर अपराध अथवा अन्य किसी भी परेशानी की स्थिति में बिना किसी संकोच के पुलिस की सहायता लें तथा उपलब्ध हेल्पलाइन सेवाओं, एवं तकनीकी माध्यमों का अधिक से अधिक उपयोग करें। उन्होंने कहा कि आज की आवश्यकता केवल महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना ही नहीं, बल्कि उन्हें इतना आत्मविश्वासी एवं जागरूक बनाना भी है कि वे किसी भी चुनौती का साहसपूर्वक सामना कर सकें। उन्होंने छात्राओं से शिक्षा, आत्मरक्षा, डिजिटल सुरक्षा एवं आत्मविश्वास को अपने जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाने का आह्वान किया तथा समाज के प्रत्येक नागरिक से महिलाओं के सम्मान एवं सुरक्षा के प्रति संवेदनशील रहने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सुरक्षा सखियों, सीएलजी सदस्यों एवं छात्राओं से संवाद भी किया गया। महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा करते हुए उन्हें पुलिस द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, राजकॉप सिटीजन का अधिक से अधिक उपयोग, महिला हेल्पलाइन, साइबर सुरक्षा उपायों तथा कानूनों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में उपस्थित छात्राओं एवं महिलाओं ने महिला सुरक्षा संकल्प अभियान के माध्यम से प्राप्त जानकारी को उपयोगी बताते हुए बून्दी पुलिस के इस जनजागरूकता अभियान की सराहना की।
समारोह में अतिरिक्त जिला कलक्टर श्रीमती एच.डी. सिंह, श्रीमती अदिति चौधरी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (त्वरित अनुसंधान), बून्दी, श्रीमती निर्मला पाण्डेय, उप पुलिस अधीक्षक, बून्दी, सहित जिले के विभिन्न थाना अधिकारी, महिला पुलिस अधिकारी, कालिका टीम के सदस्य, पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षकगण, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, सीएलजी सदस्य, सुरक्षा सखियाँ तथा बड़ी संख्या में छात्राएँ एवं महिलाएँ भी कार्यक्रम में शामिल हुईं। महिला सुरक्षा संकल्प अभियान के सफल आयोजन के साथ बून्दी पुलिस ने यह संदेश दिया कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं आत्मनिर्भरता के लिए पुलिस और समाज का संयुक्त प्रयास ही एक सुरक्षित एवं सशक्त समाज की आधारशिला है।
कार्यक्रम की समाप्ति पर महिला सुरक्षा एवं जनजागरूकता का संदेश आमजन तक पहुँचाने के उद्देश्य से महिला जागरूकता वाहन रैली का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि श्रीमती ममता गुप्ता, आईपीएस, उप महानिरीक्षक पुलिस (सुरक्षा), राजस्थान, जयपुर ने वाहन रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में पुलिस अधिकारियों, महिला पुलिसकर्मियों, कालिका टीम, सुरक्षा सखियों, सीएलजी सदस्यों, छात्राओं एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
वाहन रैली नगर परिषद टाउन हॉल, कुम्भा स्टेडियम से प्रारम्भ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली। रैली के माध्यम से महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण का संदेश दिया गया तथा आमजन को महिलाओं के प्रति संवेदनशील एवं जिम्मेदार व्यवहार अपनाने, महिला सुरक्षा कानूनों की जानकारी रखने तथा किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में पुलिस हेल्पलाइन एवं अन्य सुरक्षा सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।