श्यामपुरा (सांभर लेक)। स्मार्ट हलचल|अखिल भारतीय अनुसूचित जाति जनजाति महासंघ के तत्वावधान में ग्राम श्यामपुरा (सांभर लेक) में प्रदेश सचिव नरसाराम गोरा के नेतृत्व में नीट परीक्षा में ऑल इंडिया 6429वीं रैंक प्राप्त कर क्षेत्र एवं गांव का नाम रोशन करने वाली प्रतिभाशाली छात्रा खुशबू वर्मा, पुत्री रामदेव वर्मा, का सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
इस अवसर पर प्रदेश सचिव नरसाराम गोरा ने कहा कि खुशबू वर्मा ने आर्थिक अभाव और विपरीत परिस्थितियों के बावजूद अपनी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के बल पर यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। उनकी सफलता समाज की अन्य बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
सम्मान समारोह में खुशबू वर्मा को भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर का छायाचित्र, भीम दुपट्टा एवं डॉ. अंबेडकर की जीवनी भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
इस अवसर पर मदन लाल गुरावा (व्याख्याता), मदनलाल काला, ममता वर्मा, माया देवी, अरुण वर्मा, सरवन लाल अजमेरा, विनोद बामनिया, बोदूराम, मंसाराम गर्वा, बिरधीचंद कुरवरिया, जोधा राम (शारीरिक शिक्षक) सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने खुशबू वर्मा को शुभकामनाएं देते हुए उनके भावी जीवन में निरंतर सफलता की कामना की।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि समाज की प्रतिभाओं को सम्मानित करने से अन्य विद्यार्थियों में भी शिक्षा के प्रति उत्साह बढ़ता है तथा बेटियों की शिक्षा और सशक्तिकरण को नई दिशा मिलती है।
